






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 18 मई 2021। कोरोना काल में समाज में सकारात्मक बदलाव भी आते नजर आ रहें है और युवाओं सहित उनके परिजन भी अब सहर्ष कुरीतियों का दामन छोड़कर बेटा बेटी एक समान की मिसाल दे रहें है। श्रीडूंगरगढ़ कस्बे के आड़सर बास निवासी युवा पवन कुमार सारस्वा ने समाज में बिना दहेज विवाह और बारात का आदर्श तो पेश किया ही साथ ही उपहार स्वरूप राशि भी समाज सेवा में दी। युवक के पिता गणेशाराम सारस्वा पुत्र स्व. धूड़ाराम सारस्वा निवासी हेमेरां हाल आड़सर बास ने बताया कि हमने बेटी स्वरूपा बहू रूचिका पुत्री श्रीरामचंद्र तावणियां निवासी तेजरासर को घर की लक्ष्मी मान कर सादगी से विवाह सम्पन्न करवाया। 14 अप्रैल को हुए विवाह में बारात में सात बारातियों ने भाग लिया और समठूणी की रस्म नारियल व 101 रूपए लेकर सम्पन्न करवाई गई। विवाह के बाद गणेशाराम सारस्वा ने सेवा धाम के बच्चों को भोजन राशि व एक एलईडी का तोहफा दिया। कुंडिया सारस्वत समाज समिति श्रीडूंगरगढ़ को एक लाख ग्यारह हजार की सहयोग राशि दी तथा श्रीडूंगरगढ़ सेवा समिति को गायों के चारे के लिए 61 सौ रूपए का सहयोग भी दिया। उनकी इस पहल से न केवल सारस्वत समाज बल्कि आस पड़ौस व कस्बे में सराहना हो रही है।





