






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 17 अक्टूबर 2024। खेत की सींव के विवाद में एक बुजुर्ग को तीन सगे भाईयों ने पीट पीट कर घायल कर दिया। बुजुर्ग को उपजिला अस्पताल से बीकानेर रेफर कर दिया गया। क्षेत्र के गांव सोनियासर शिवदानसिंह निवासी देदाराम पुत्र आसुराम धतरवाल जाट ने बीदासर तहसील के गांव सोनियासर सुखराम निवासी सांवरमल, छोटूराम व मांगीलाल पुत्र सोहनराम सुथार के खिलाफ आरोप लगाए है। परिवादी ने पुलिस को बताया कि उसका खेत सोनियासर गोगलियान की रोही में है तथा खेत के पश्चिम दिशा में सोहनराम सुथार का खेत स्थित है। दोनों खेतों के बीच पुरानी सीवं बनी हुई है जिसमें परिवादी के खेत की सींव के तार पट्टी की हुई है। बुधवार की रात करीब 9 बजे सांवरमल, छोटूराम व मांगीलाल पुत्र सोहनराम सुथार ने पुरानी सींव को अपनी खेत की सींव में मिला लिया। परिवादी ने जब उसे मना किया तो गाली गलौच करने लगे। इस पर परिवादी के पिता आसुराम मौके पर आए व झगड़ा रोकने के लिए उसे वहां से भेज दिया। परिवादी ने बताया कि तभी आरोपियों ने चौसांगी व जैई से उसके पिता पर जान से मारने की नीयत से हमला कर दिया। जिससे उनके सिर, हाथ व पैर पर चोटें लग गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच हैड कांस्टेबल भगवानाराम को दी है।




