






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 16 मई 2024। आज सुबह एक अनियंत्रित ट्रक क्षेत्र के दो भजन कलाकारों की मौत बनकर आया और मोटरसाइकिल को रोंदते हुए सड़क से करीब 100 मीटर दूर जाकर रूका। दोनों बाइक सवारों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया और बाइक के टुकड़े हो गए। दुर्घटना में बाइक पर सवार कुंतासर निवासी 41 वर्षीय हरिराम पुत्र राजाराम नायक तथा 42 वर्षीय सीताराम पुत्र कानाराम मेघवाल की मौत हो गई। हरिराम व सीताराम दोनों भजन गायक थे और जागरण में प्रस्तुतियां देते थे। वे अपने किसी साथी कलाकार के घर विवाह समारोह में शामिल होने रतनगढ़ जा रहें थे। आज सुबह घर से रवाना हुए और हाइवे पर कितासर के पास हादसे का शिकार हो गए। सरपंच ऊंकाराराम सहित अनेक ग्रामीण व युवकों के परिजन कुछ ही देर में मौके पर ही पहुंच गए। पुलिस ने शवों को मोर्चरी में रखवाया है। दर्दनाक हादसे की खबर के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
घरों में पसरा मातम, बिलख रहें परिजन।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। सीताराम एक नन्ही पुत्री का पिता था। बालिका के सिर से दादा दादी के बाद पिता का साया उठने से परिवार में कोहराम मचा है। सीताराम के भाई बिलख रहें है और नन्हीं बेटी पर रहम नहीं करने की बात कहते हुए काल को कोस रहें। वहीं हरिराम नायक तीन नाबालिग बेटों को छोड़कर संसार को अलविदा कह गया। हरिराम के घर में मातम पसरा है। एकसाथ दो घरों में हुई युवा मौतों से ग्रामीण सहम गए है और मृतकों के परिजनों को सांत्वना दे रहें है। हर ग्रामीण के जबान पर आए दिन हाइवे पर होने वाले हादसों में हो रही युवा मौतों की चर्चा है। सरपंच ऊंकारराम ने शोक जताते हुए प्रशासन द्वारा इस समस्या के समाधान के लिए गंभीर होकर कार्य करने की बात कही। ऊंकारराम सहित ग्रामीणों ने कहा कि आए दिन ये हाइवे युवकों के प्राणों को ही नहीं लील रही उनके परिवारों के उजाले को छीन रही है।




