






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 15 अगस्त 2024। पूरा क्षेत्र गुरुवार को स्वाधीनता दिवस का उत्सव मना रहा है लेकिन क्षेत्र के कई परिवार ऐसे हैं जिन पर बारिश कहर बन कर टूटी है और गमगीन हालत में वो परिवार उत्सव मनाना तो दूर खाने के जुगाड करने में जुटे हुए है। क्षेत्र में लगातार बारिश से अब हालत अनियंत्रित हो रहे है व बुधवार को क्षेत्र के गांव सुरजनसर, बिरमसर, लाखनसर, उदरासर, तोलियासर में जम कर बारिश होने से गांवों में अनेकों घरों में पानी घुस गया है। सुरजनसर में तो दोपहर 3 बजे से देर रात तक रुक रुक कर बारिश होती रही व गांव के उपस्वास्थ्य केंद्र के पास पांच फीट तक पानी जमा हो गया है। यहाँ खड़ी मोटरसाइकिल पानी में पूरी तरह से डूब चुकी थी। यह बारिश और बारिश के बाद की धूप कच्चे मकानों के लिए आफत बन रही है। बुधवार रात करीब 8.30 बजे गांव बीरमसर में कालूराम इसरराम ढूकिया का कच्चा मकान बरसात से गिर गया। कालूराम रेवड पालन करता है और गिरे हुए मकान की चपेट में आने से तीन भेड़े, एक बकरी के अकाल मृत्यु हो गई। ग्रामीणों ने सरपंच, पटवारी को सूचना दी है और मुआवजे की मांग की है।





