






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 23 मार्च 2025। दहेज मुक्त विवाह का चलन आजकल समाज में बढ़ रहा है। अनेक जागरूक युवा दहेज को सख्ती से ना कहते हुए दहेज मुक्त विवाह की मिसाल पेश कर रहें है। गुसाईंसर बड़ा निवासी शिवभगवान गोदारा के पुत्र और आर्मी मेडिकल कोर में सेवारत संजय गोदारा का 21 मार्च को सूडसर निवासी हरिराम जाखड़ की पुत्री सरिता से संपन्न हुआ। विवाह में समठूनी से पूर्व ही संजय ने दहेज नहीं लेने की बात कहते हुए भारतीय संस्कारों को ही जीवन का सच्चा खजाना बताया। एक रूपए व नारियल के साथ समठूनी संपन्न हुई। वर वधू पक्ष के लोगों ने पढें लिखे युवाओं को इस तरह की पहल करने की बात कहते हुए सराहना की। बिग्गा सरपंच जसवीर सारण व कांग्रेस सूडसर ब्लॉक अध्यक्ष श्रीराम भादू ने संजय के विचारों के प्रति सम्मान प्रकट किया। सारण ने कहा कि एक ओर जहां सरकारी नौकरी वाले वर के विवाह समारोह में वधू पक्ष द्वारा महंगे तोहफे, गहनों का रिवाज चल रहा है वहीं दूसरी ओर संजय ने दहेज मुक्त विवाह कर युवा पीढ़ी के लिए एक प्रेरणा प्रस्तुत की है। विवाह में शामिल दोनों पक्षों ने इस पहल का स्वागत किया।




