






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 29 सितम्बर 2024। क्षेत्र के गांव धीरदेसर पुरोहितान में खेत के रास्ते विवाद में एक महिला एवं उसके जेठूते के साथ मारपीट करने, महिला के कपड़े फाड़ कर लज्जा भंग करने एवं फसल नष्ट कर 2 लाख रुपए का नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाते हुए पीड़िता द्वारा छह आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। मामले में पीड़िता संजू देवी राजपुरोहित ने थाने में लिखित परिवाद देकर पुलिस को बताया कि वह अपने खेत में अपने परिवार के साथ रहती है। गत शुक्रवार की रात को करीब 12.30 बजे आरोपी घीसूसिंह, उसका बेटा राजेश, ओमसिंह, गोपालसिंह, महावीरसिंह, मोहनसिंह हथियारों से लैस होकर एक कैम्पर एवं दो ट्रेक्टरों पर सवार होकर पहुंचे। आरोपियों ने आते ही गाली गलौच शुरू कर दी और परिवादी ने टोका तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट करते हुए कपड़े फाड़ कर लज्जा भंग की। बीच बचाव करने पर उसका जेठूता सुभाष एवं काश्तकार बाबूलाल जाट आए तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की और खेत में खड़ी मूंगफली एवं ग्वार की फसल पर गाड़ियां चला कर नष्ट कर दी। पीड़िता ने बताया कि आरोपियों ने जबरन रास्ता बनाने की धमकी देते हुए किसी के बीच में आने पर गाड़ी से कुचल देने की बात कही। आरोपियों ने करीब दो लाख रुपए की फसल नष्ट कर दी एवं परिवादी के गले में पहने हुए पांच सोने के फुलडे भी छीन लिए। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है, जिसकी जांच हैडकांस्टबल लक्ष्मण नेहरा करेगें।



