






पूनरासर में शूटिंग वॉलीबॉल प्रतियोगिता का उद्घाटन।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। पूनरासर गांव में रविवार शाम से रात्रिकालीन मां ब्राह्मणी शूटिंग वॉलीबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन समाजसेवी के.के.जांगिड़ व सरपंच प्रकाश नाथ सिद्ध ने किया। आयोजन समिति के उत्तम नासिर ने बताया कि उद्घाटन मैच में नाथवाणा की टीम ने बेनीसर को हराया। अगले मैच में पूनरासर जूनियर ने सेरुणा जूनियर टीम को हराकर अगले दौर में प्रवेश कर लिया है। इस मौके पर पूर्व सरपंच प्रतिनिधि रामप्रताप नाथ, समाज सेवी शंकर नाथ, उतमनाथ, हजारीनाथ, राजूनाथ, हनुमान गोदारा, प्रकाश महिया, हरिराम महिया, मनोज सिद्ध,राजाराम गोदारा अर्जुन राम मेघवाल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

रग्बी फुटबॉल प्रतियोगिता में चार खिलाड़ियों का चयन।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। राज्य स्तरीय रग्बी फुटबॉल प्रतियोगिता के लिए गठित बीकानेर जिले की टीम में क्षेत्र के चार खिलाड़ियों का चयन हुआ है। खेलकूद प्रतियोगिता के संयोजक भवानी शंकर ने बताया कि प्रतियोगिता में दुलचासर के दलीप सिंह, अनिल कुमार का चयन 19 वर्षीय टीम के लिए और दुलचासर गोपीकिशन सुथार व देराजसर के गोपाल शर्मा का चयन 17 वर्षीय वर्ग के राज्यस्तरीय रग्बी फुटबॉल प्रतियोगिता के लिए हुआ है। यह चारों खिलाड़ी आगामी 4 से 10 अक्टूबर तक कुचेरा, मूंडवा में प्रस्तावित राज्यस्तरीय रग्बी फुटबॉल प्रतियोगिता में बीकानेर टीम की ओर से खेलेंगे। गौरतलब रहे कि दुलचासर गांव में पिछले दिनों हुई जिलास्तरीय रग्बी फुटबॉल प्रतियोगिता के 19 वर्षीय वर्ग में राउमावि दुलचासर और 17 वर्षीय वर्ग में राउमावि राजासर करणीसर ने खिताब जीता था। चारों खिलाड़ियों के चयन पर ग्रामीणों ने प्रसन्नता जताई है।
सुनी मन की बात, ये हुए शामिल, विधायक बीकानेर समारोह में हुए शामिल।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। भारतीय जनता पार्टी के मोमासर मण्डल ओबीसी मोर्चा अध्यक्ष धनराज सोनी की अगुवाई में गांव इन्दपालसर बड़ा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात को सामूहिक रूप से सुना गया। इस दौरान विजय सिंह, इन्द्रजीत सिंह, तोलाराम सुथार, मोहनराम सोनी, रामेश्वरलाल सोनी, ताराचंद सोनी, हजारी दास स्वामी, बजरंग सिंह, रामुराम जाखड़, लिछमण सिंह व चंपालाल सोनी सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल हुए। इस दौरान नए सदस्य बनाए गए व नए सदस्यों का सम्मान किया गया। वहीं दूसरी ओर विधायक ताराचंद सारस्वत ने बीकानेर के रविंद्र रंगमंच में आयोजित महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा सप्तम राष्ट्रीय पोषण माह का जिला स्तरीय समारोह में भाग लिया। सारस्वत ने महिलाओं के पोषण विकास के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में किए जा रहें कार्यक्रमों का लाभ लेने का आह्वान किया।

सारस्वत युवा नवोत्थान के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी दामोदर को।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। सारस्वत युवा नवोत्थान समिति की बैठक का आयोजन रविवार को सारस्वत भवन में संपन्न हुई। इस दौरान सर्वसम्मति से आड़सर बास निवासी युवा दामोदर सारस्वा को अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी दी गई। बैठक में मंत्री पद पर पवन मोट उदरासर को नियुक्त किया गया व कोषाध्यक्ष पद पर हेमंत सारस्वत की नियुक्ति की गई। इस दौरान समाज के अनेक युवा शामिल हुए। बैठक के अध्यक्ष की देखरेख में आगामी नवरात्र पर्व की तैयारियों के बारे में विस्तृत चर्चा की गई व रूपरेखा बनाई गई।

श्रीओसवाल पंचायत की साधारण बैठक का आयोजन संपन्न।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। श्रीओसवाल पंचायत श्रीडूंगरगढ़ की द्विवार्षिक साधारण बैठक संस्था भवन में अध्यक्ष दीपचंद बोथरा की अध्यक्षता में हुई। सामूहिक नमस्कार महामंत्र के उच्चारण के साथ प्रारंभ हुई बैठक में बोथरा ने सभी का स्वागत किया। मंत्री प्रमोद बोथरा ने संस्था द्वारा वर्तमान कार्यकाल के दौरान किए गए रचनात्मक कार्यों का प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए आय व्यय का समस्त ब्यौरा सदन के सामने रखा। हिसाब परीक्षक तुलसीराम चौरड़िया की रिपोर्ट का वाचन किया गया जिस पर सदन से सर्वसम्मति से प्रतिवेदन पारित किया। मंत्री बोथरा ने सभी का आभार जताया।
साध्वी कुंथुश्री जी ने महिला मंडल को सक्रिय रहने की दी प्रेरणा।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। सेवाकेंन्द्र व्यवस्थापिका साध्वी कुंथुश्री जी ने तेरापंथ महिला मंडल को सक्रिय रहने की प्रेरणा देते हुए समाज के संस्कार निर्माण करने की बात कही। मौका था 49वें राष्ट्रीय महिला अधिवेशन में शामिल होकर लौटी महिला शक्ति के स्वागत का। रविवार सुबह मंडल की सदस्य महिलाओं ने अधिवेशन से लौटकर आने पर महिला शक्ति का स्वागत किया। इन महिलाओं ने अपने अनुभव भी साझा किए। अध्यक्ष सुनीता डागा ने बताया कि अखिल भारतीय तेरापंथ महिला मंडल का 49वां राष्ट्रीय महिला अधिवेशन 20,21 व 22 सितंबर को सूरत में आयोजित हुआ। मंत्री संगीता बोथरा ने बताया कि इस अधिवेशन में 22 राज्यों की 950 महिलाएं शामिल हुई जिन्हें युगप्रधान आचार्य महाश्रमण जी ने महिला शक्ति को संस्कार निर्माण कार्य व कन्या संरक्षण एवं शिक्षा में योगभूत बनने की प्रेरणा दी। मुख्य अतिथि गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत जी ने अपना संबोधन दिया।




