






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 9 जून 2025। जागरूक युवाओं ने मानवीयता का परिचय देते हुए एक बालिका को सकुशल उसके परिजनों को सौंपा। सोमवार दोपहर को एक सात आठ साल की मासूम बालिका हाइवे किनारे अकेले ही पैदल जाते हुए नजर आई। बालिका को किसी बाइक चालक ने आशीष पेट्रोल पंप पर छोड़ा और पंप स्टाफ ने उसे बिठाकर उससे नाम पता पूछा। बालिका रोने लगी तो स्टाफ ने उसे खाना व बिस्किट खिलाते हुए पानी पिलाया। स्टाफ ने नरमी से पेश आते हुए बालिका से उसके गांव के बारे में पूछा। बालिका ने अपना नाम आईना बताया और श्रीडूंगरगढ़ घुमचक्कर से पैदल ही जोधासर जाने की बात कही। उसने बताया कि वह भुआ के गांव सोनियासर से बिना बताए आ गई। उसने बताया कि किसी ने उसे डांटा तो वह बस में बैठ गई और यहां उतर गई। पंप स्टाफ के मनीष स्वामी ने जोधासर के उपसरपंच मांगूसिंह को बालिका का फोटो भेज कर जानकारी दी। कुछ ही देर में बच्ची के परिजन पंप पहुंच गए व स्टाफ का आभार जताते हुए बालिका को अपने साथ ले गए। पंप संचालक आशीष जाड़िवाल ने स्टाफ की पीठ थपथपाते हुए उनकी संवेदनशीलता सराहना की।




