






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 15 दिसंबर 2024। राम के जयकारों व डीजे पर राम के भजनों के साथ रामभक्ति में नाचते गाते श्रद्धालु अयोध्या के लिए पदयात्रा पर रवाना हुए है। श्रीडूंगरगढ़ से पहली बार अयोध्या के लिए रवाना हुए इस संघ में फतेचंद प्रजापत, नौरंगी प्रजापत, श्यामसुंदर तिवाड़ी, प्रदीप माली, पुरखाराम चौधरी पदयात्री के रूप में शामिल हुए है। पदयात्रियों ने बताया कि अयोध्या में रामलला के दर्शन कर, वे क्षेत्र की खुशहाली की कामना प्रभु श्रीराम से करेंगे। संघ की 1000 किलोमीटर की पदयात्रा करीब 25 से 30 दिन में पूरी होने की संभावना है। आड़सर बास के राम मंदिर में रामजी के विधि विधान से पूजन के बाद संघ रवाना हुआ। मंदिर में भरत शरणजी महाराज ने पदयात्रियों को मंदिर में तिलक लगाकर, फुलमाला पहनाई। यहां मंदिर समिति के सदस्यों व अनेक श्रद्धालुओं ने यात्रियों को शुभकामनाएं दी। घासमंडी चौराहे पर विश्व हिंदू परिषद के सदस्यों ने जयकारों के साथ शंखनाद किया। विहिप पदाधिकारियों ने पदयात्रियों का पुष्पवर्षा व विहिप दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया। संगठन के भंवरलाल दूगड़, पार्षद संतोष बोहरा, श्याम जोशी, दीपक सेठिया, अशोक नाई, फतेहसिंह जांगिड़, मुकेश प्रजापत, भीखाराम सुथार, अशोक बैद, मनीष नौलखा सहित बाजार के अनेक व्यापारी मौजूद रहें। मुख्य बाजार के चौक पर भी व्यापारियों ने पदयात्रियों का स्वागत करते हुए शुभकामनाएं दी। घुमचक्कर पर पार्षद रामसिंह जागीरदार, राकेश चुरा, छगन पालीवाल, श्याम सारस्वत, कैलाश प्रजापत, मुकेश प्रजापत ने पदयात्रियों का फुलमालाओं से स्वागत करते हुए यात्रा के लिए मंगलकामनांए दी।







