






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 3 दिसंबर 2022। कांग्रेस की महत्वाकांक्षी भारत जोड़ो यात्रा का प्रवेश कल शाम को राजस्थान में हो जाएगा। राहुल गांधी के साथ कांग्रेसी नेता व कार्यकर्ता बड़ी संख्या में राजस्थान के सात जिलों की यात्रा पर रहेंगे। श्रीडूंगरगढ़ कांग्रेस में भी हलचल प्रारंभ हो गई है और कांग्रेसी नेता विमल भाटी का चयन प्रदेश यात्री के रूप में हुआ है। भाटी राहुल गांधी को झालावाड़ से जॉइन करेंगे व अलवर से हरियाणा बॉर्डर में उनका प्रवेश होने तक उनके साथ पदयात्री के रूप में यात्रा करते हुए साथ रहेंगे। भाटी श्रीडूंगरगढ़ से रवाना हो गए है तथा उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की इस यात्रा से आमजन का विश्वास कांग्रेस में बढ़ेगा। यूथ कांग्रेस के देहात जिलाध्यक्ष हरिराम बाना भी यात्रा के स्वागत की तैयारियों में जुट गए है। बाना यूथ कांग्रेस के युवाओं के साथ झालावाड़ पहुंचने की तैयारी कर रहें है। पूर्व विधायक मंगलाराम गोदारा भी झालावाड़ में यात्रा के स्वागत में आयोजित मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के कार्यक्रम में भाग लेंगे। प्रधान प्रतिनिधि केसराराम गोदारा ने बताया कि स्थानीय कांग्रेस के अनेक कार्यकर्ताओं व समर्थकों के साथ वे 15 दिसंबर को दौसा में प्रस्तावित जनसभा में भी शामिल होंगे।
जाने यात्रा का पूरा कार्यक्रम।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा 4 दिसंबर की शाम को राजस्थान की सीमा में प्रवेश करेगी। अगले दिन 5 दिसंबर सुबह 6 बजे राहुल गांधी की यात्रा निकल पड़ेगी। यह यात्रा राजस्थान में कुल 15 दिन रहेगी तथा प्रदेश के कुल 7 जिलों में 520 किलोमीटर का सफर करते हुए अलवर के रास्ते हुए हरियाणा में प्रवेश करेगी।
यहां पढ़िए राहुल गांधी की यात्रा का डे-टू-डे प्रोग्राम
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। झालावाड़ – 4 दिसंबर की शाम 7 बजे भारत जोड़ो यात्रा झालावाड़ जिले के झालरापाटन विधानसभा क्षेत्र के चऊंली गांव से एंट्री करेगी। चऊंली निवासी किसान संजय डांगी के खेत में रात्रि विश्राम प्रस्तावित है। अगले दिन 5 दिसंबर को सुबह 6 बजे यात्रा आगे बढेगी और काली तलाई, सुरजपोल नाका में नुक्कड़ सभाएं होंगी। खेल मैदान में रात्रि विश्राम होगा। 6 दिसंबर की सुबह हिरिया खेड़ी में निक्कड़ सभा का कार्यक्रम प्रस्तावित है। शाम को यात्रा मोरू कलां के खेल मैदान में पहुंचेगी। यहीं पर रात्रि विश्राम होगा। कोटा बूंदी – 7 और 8 दिसंबर को भारत जोड़ो यात्रा कोटा से गुजरेगी। यहां केवल नगर में नुक्कड़ सभा का प्रोग्राम है और शाम को जगपुरा में रात्रि विश्राम होगा। अगले दिन नोरदन बायपास से गुजरने के दौरान नुक्कड़ सभा का आयोजन होगा। 9 दिसंबर को बूंदी जिले के केशोरायपाटन स्थित गुड़ली गांव में एंट्री होगी। बाद में बालापुरा चौराहे होते हुए बजड़ली पहुंचेंगे। इस दौरान भी नुक्कड़ सभाओं का आयोजन होगा। बजड़ली में रात्रि विश्राम के बाद अगले दिन सुबह भगत सिंह चौराहा होते हुए बोरिप जाएंगे। टोंक-सवाई माधोपुर – बूंदी जिले के बोरिप से निकलने के बाद टोंक जिले की सीमा से होते हुए भारत जोड़ो यात्रा सवाई माधोपुर में प्रवेश करेगी। टोंक में कुछ घंटों का ही रास्ता है। 11 और 12 दिसंबर को यानी दो दिन तक यह यात्रा सवाई माधोपुर से गुजरेगी। दुब्बी में नुक्कड़ सभा के बाद दहलोद में रात्रि विश्राम किया जाएगा। अगले दिन 12 दिसंबर को बगड़ी गांव में नुक्कड़ सभा करते हुए आगे बढेंगे और बीलोना गांव में रात्रि विश्राम प्रस्तावित है। दौसा – 13 दिसंबर को लालसोट से होते हुए नयावास में आने के बाद यहां नुक्कड़ सभा का प्रोग्राम प्रस्तावित है। 14 दिसंबर को राहुल गांधी की यात्रा में ब्रेक रहेगा क्योंकि इस दौरान वे गुजरात जाएंगे। 15 दिसंबर को सिकंदरा होते हुए मुकुरपुरा पहुंचेंगे जहां नुक्कड़ सभा प्रस्तावित है। अगले दिन 16 दिसंबर को कोलोना कोर्ट में रात्रि विश्राम करेंगे। अलवर – राजस्थान में भारत जोड़ो यात्रा का अंतिम पड़ाव अलवर जिले में रहेगा। मालाखेड़ा से प्रवेश करने के बाद 17 दिसंबर को यहां बड़ी जनसभा का आयोजन किया जाएगा। 17 दिसंबर को ही राज्य सरकार के चार साल का कार्यकाल पूरा होने वाला है। इसी उपलक्ष में सभा का आयोजन होगा जिसमें प्रदेशभर के लाखों लोग शामिल होंगे। जनसभा को संबोधित करने के बाद शाम को महुआ गांव स्थित राधा स्वामी आश्रम में रात्रि विश्राम का कार्यक्रम है। अगले दिन 18 दिसंबर को रामगढ़ के बिजवा से यात्रा गुजरेगी और यहीं पर रात्रि विश्राम प्रस्तावित है। 19 दिसंबर की सुबह 7 बजे यह यात्रा हरियाणा की सीमा में प्रवेश करेगी।



