May 20, 2026
05d349f1-27c6-4087-ba0c-fe6a18a1be48

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 24 फरवरी 2021। विधानसभा में बजट पेश कर रहे मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का श्रीडूंगरगढ़ आने का कार्यक्रम तय हो गया है। अब सीएम आगामी 27 फरवरी को सुबह 10.30 बजे श्रीडूंगरगढ़-बीदासर बार्डर पर खेतों के बीच में अपनी सभा करेगें। ग्राम पंचायत धनेरू में किलाणियों की ढाणी, असवाल जोहड़ के पास बने हुए ताल मैदान में मुख्यमंत्री की सभा होगी। यह स्थान श्रीडूंगरगढ व सुजानगढ़ विधानसभा क्षेत्र के एकदम बार्डर पर स्थित है एवं नोखा व नागौर विधानसभा क्षेत्र भी यहां से कुछ ही किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। ऐसे में इस सभा में चारों विधानसभा से नेता, कार्यकर्ता व किसान पहुंचेगें। किसान सम्मेलन के रूप में आयोजित होने वाले सीएम के इस कार्यक्रम में जिसमें कांग्रेस के प्रभारी अजय माकन एवं प्रदेशाध्यक्ष गोविंद डोटासरा भी शामिल होगें। कांग्रेस जिला महासचिव विमल भाटी ने बताया कि स्थान, समय व कार्यक्रम तय हो गया है एवं बजट भाषण के बाद मिनट टू मिनट कार्यक्रम जारी कर दिया जाएगा। मुख्यमंत्री का कार्यक्रम तय होने के बाद क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह है एवं सभी ने तैयारियां शुरू कर दी है।