






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 3 मई 2025। विधानसभा क्षेत्र के गांव बादनूं में किसान के खेत में लगाए जा रहे बिजली टॉवर के मुआवजे के विवाद में शनिवार को दिन में कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष एवं जिला परिषद सदस्य श्रीराम भादू को जसरासर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। इस घटनाक्रम का वीडियो भी जमकर वायरल हुआ एवं पूरे क्षेत्र में जनप्रतिनिधियों ने बिना किसी आपसी राजनैतिक भेद के घटनाक्रम की निंदा करते हुए भादू की त्वरित रिहाई की मांग भी की। क्षेत्र के युवा नेता आरएलपी के विधानसभा चुनावों में प्रत्याशी रह चुके विवेक माचरा भी वीडियो वायरल होने के तुरंत बाद जसरासर थाने पहुंचें एवं भादू से मुलाकात की। माचरा ने भादू की रिहाई नहीं करने पर थाने का घेराव करने की चेतावनी दी एवं जम कर नारेबाजी भी की। कुछ ही देर में जसरासर थाने में क्षेत्र के युवा कांग्रेसी नेता हेतराम जाखड़ भी कार्यकर्ताओं के साथ जसरासर थाने पहुंचें एवं पुलिस कार्रवाही को लाेकतंत्र पर हमला बताते हुए जमकर नाराजगी जताई। जसरासर के कांग्रेसी नेता रामनिवास तर्ड भी पहुंचें अपना विरोध जताया। बाद में भादू पर कोई मुकदमा दर्ज नहीं किया गया एवं उन्हें शांति भंग के आरोप में बीएनसी की धारा 170 में गिरफ्तार कर जमानत पर रिहा किया गया। भादू ने रिहा होने के बाद जानकारी दी कि अवाडा कम्पनी के प्रतिनिधियों ने उचित मुआवजे से वंचित किसान को 2 लाख 75 हजार का पूर्ण मुआवजा देना स्वीकार कर लिया है एवं यह किसानों की जीत है। क्षेत्र के कांग्रेसी नेता हरिराम बाना, विमल भाटी ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट से जिला प्रशासन को चेतावनी दी थी एवं भादू की तुरंत रिहाई की मांग की। राजनैतिक चिंतक एवं विश्लेषक एडवोकेट अशोक भाटी ने भी इस घटनाक्रम को निंदनीय बताया एवं किसी भी सुरत में जनप्रतिनिधि की गरिमा पर हमले को नाकाबिले बर्दाश्त बताया।






