






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 8 अप्रैल 2022। श्रीडूंगरगढ़ में धर्मयात्रा के लिए प्रशासन पूरी तरह से चाक चौबंद है।यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी ना हो इसके लिए बीकानेर रेंज के आईजी पुलिस ओमप्रकाश भी शुक्रवार रात करीब 10.30 बजे श्रीडूंगरगढ़ पहुंचे। आईजी ने पूरे रूट का पैदल मार्च किया और स्थानीय अधिकारियों को आयोजन में जनता का सहयोग करने और व्यवस्था बनाये रखने के लिए जनता का सहयोग लेने को कहा। आईजी ने साफ निर्देश दिए कि आयोजन के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी करने वालो को बख्शा नही जाए और सख्त कार्यवाही की जाए। विदित रहे कि कस्बे में धर्मयात्रा को लेकर उत्साह और सौहार्द का माहौल है वही प्रशासन किसी भी प्रकार की अनहोनी नही होने देने के लिए पूरे प्रयास कर रहा है। आईजी के दौरे से पहले प्रशासन द्वारा गुरुवार को एसडीएम, सीओ की दो बैठकों, शुक्रवार को थाने में एडीएम, एडिशनल एसपी की सीएलजी बैठक दौर चला और जिला पुलिस अधीक्षक द्वारा यात्रा के लिए अतिरिक्त जाप्ता लगाया गया है। पुलिस द्वारा संवेदनशील जगहों पर छतों पर जाप्ता तैनात किया जाएगा और ड्रोन भी उड़ा कर नजर रखी जायेगी।



