






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 8 अप्रैल 2022। शनिवार को श्रीडूंगरगढ़ कस्बा भगवामय होगा और मौका होगा रामनवमी की पूर्व संध्या पर आयोजित धर्मयात्रा का। विश्व हिन्दू परिषद के आह्वान पर समग्र समाज द्वारा निकाली जा रही इस यात्रा में क्षेत्र के गांवो से भी बड़ी संख्या में युवा भाग लेंगे। यात्रा की तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है और यात्रा के रूट में कई जगहों पर स्वागत, अभिनंदन का कार्यक्रम होगा। आयोजन कस्बे में सौहार्द की मिसाल भी बनेगा क्योंकि कई जगहों पर मुस्लिम समाज द्वारा भी अभिनंदन किया जाएगा। विश्व हिन्दू परिषद के इकाई अध्यक्ष भंवरलाल दुगड़ ने बताया कि यात्रा के लिए कस्बे के ताल मैदान में दोपहर 3 बजे नागरिकों का एकत्रीकरण होगा और यहां से धर्मयात्रा गाजे बाजे के साथ धूम धड़ाके से रवाना होगी। यात्रा हाईस्कूल रोड, रानी बाजार, घास मंडी, गौरव पथ, पुरानी नगरपालिका, पुराना बस स्टैंड, घुमचक्कर होते हुए सिद्ध धर्मशाला में जाकर पूरी होगी। धर्मयात्रा में कई संत, महंत का सानिध्य भी रहेगा। जगह जगह पुष्पवर्षा होगी तथा धर्मयात्रा को लेकर युवाओं में खासा उत्साह व जोश नजर है। विहिप, बजरंग दल सहित सभी सहयोगी दलों के स्वयंसेवक बड़ी संख्या में यात्रा में भाग लेंगे।



