






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 8 जनवरी 2024। धारा के विपरित श्रीकरणपुर की जनता ने अपना विधायक रूपिंदरसिंह कुन्नर को चुन लिया है। श्रीकरणपुर सीट पर कांग्रेस के रूपिंदर सिंह कुन्नर ने 12 हजार से अधिक वोटों से जीत हासिल कर ली है। इसकी औपचारिक घोषणा भी कुछ ही देर में कर दी जाएगी। यहां से भाजपा की ओर से सुरेंद्रपाल सिंह टीटी मैदान में थे। सरकार बनने के बाद नई सरकार को पहले उपचुनाव में हार का सामना करना पड़ा है। एक राउंड को छोड़कर सभी राउंड में कुन्नर ने बढ़त बनाए रखी। श्रीडूंगरगढ़ प्रधान प्रतिनिधि केसराराम गोदारा ने कुन्नर को बधाई देते हुए श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स को बताया कि परिणामों ने बता दिया कि सरकार मंत्री बना सकती है परंतु विधायक बनाना जनता ही तय करेगी। भाजपा सरकार ने सुरेंद्र पाल सिंह टीटी को मंत्री पद देकर विजय का बड़ा प्रयास किया परंत सरकार की लहर का असर भी जनमानस के आगे ठहर नहीं पाया। वहीं यूथ कांग्रेस नेता हरिराम बाना और सेवा दल कांग्रेस के नेता विमल भाटी ने प्रसन्नता जताते हुए कुन्नर को बधाई दी है। बाना ने कहा कि भाजपा सरकार में मंत्री को हार का मुंह दिखाकर जनता ने साबित कर दिया है कि जनता के बीच पद का प्रभाव छाप नहीं छोड़ता है। जनता ने सरकार को पहला जवाब दे दिया है।



