






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 22 मई 2026। ब्लॉक स्तरीय स्वास्थ्य मंथन बैठक शुक्रवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ राजीव सोनी की अध्यक्षता में पीएचसी कितासर में संपन्न हुई। जिसमें हीट वेव प्रबंधन और राष्ट्रीय कार्यक्रमों पर विस्तार से चर्चा करते हुए समीक्षा की गई।
डॉ सोनी ने बढ़ती गर्मी के मद्देनजर सभी चिकित्सा संस्थानों में आवश्यक दवाइयों, ओआरएस, पेयजल, निर्बाध बिजली और आपातकालीन व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता गतिविधियां बढ़ाने के बारे में निर्देश दिए। उन्होंने सर्वाइकल कैंसर से बचाव हेतु पात्र बालिकाओं के 100% टीकाकरण के लिए विद्यालयों व आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से अभिभावकों को जागरूक करने के निर्देश दिए।
बैठक में किशोर-किशोरियों, गर्भवती महिलाओं एवं धात्री माताओं में नियमित एनीमिया जांच (स्क्रीनिंग) और आयरन सप्लीमेंट वितरण की प्रगति की जांच की गई। वहीं जननी सुरक्षा योजना (JSY) एवं लाडो प्रोत्साहन योजना की लंबित पेंडेंसी की समीक्षा करते हुए पात्र महिलाओं को समय पर शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए गए। बैठक में बीपी, डायबिटीज, ओरल व सर्वाइकल कैंसर की स्क्रीनिंग बढ़ाने, टीबी मुक्त अभियान के तहत निक्षय पोषण योजना का लाभ देने तथा डेंगू-मलेरिया की रोकथाम हेतु फील्ड सर्वे व साफ-सफाई को प्रभावी बनाने पर चर्चा हुई। वहीं मुख्यमंत्री निरोगी राजस्थान व मुख्यमंत्री निःशुल्क जांच योजना का अधिकतम लाभ आमजन तक पहुंचाने के बारे में जानकारी दी गई। सुरक्षित प्रसव और रूटीन इम्यूनाइजेशन (RI) में ड्रॉपआउट बच्चों की नियमित ट्रैकिंग के निर्देश दिए गए। बैठक में समस्त सेक्टर इंचार्ज व जिले से जीवराज सिंह (झपाईगो), मोहम्मद साजिद (दिशा यूनिसेफ), एसटीएलएस रमेश एवं एएनएम उपस्थित रहे।




