






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 8 मार्च 2024। क्षेत्र के गांव रीडी़ के बिग्गाजी मंदिर में महाशिवरात्रि पर्व व अन्तरराष्ट्रीय महिला दिवस पर पर्यावरण संरक्षण व महिलाओं के प्रति दुर्व्यवहार नहीं करने की शपथ गूंज उठी। मौका था रामरूंख अभियान के तहत आयोजित समारोह का और यहां हजारों परिवारों ने एक साथ जल-जंगल-जमीन के संरक्षण का संकल्प लिया। पर्यावरणविद् प्रोफेसर श्यामसुंदर ज्याणी ने अभियान के तहत एक फलदार पौधे को अपने घर के सदस्य के रूप में लगाने का आह्वान हर एक नागरिक से किया। ज्याणी ने कहा कि हरियाली का ये उत्सव का अभियान गांवो की ही नहीं वरन पूरे पश्चिमी राजस्थान की तस्वीर बदल देगा। समारोह में पुलिस महानिरीक्षक ओमप्रकाश मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। रेंज आईजी ने पारिवारिक वानिकी को हरित बदलाव का एक ऐसा सिलसिला बताया जिससे आमजन सीधे पर्यावरण संरक्षण में भागीदार बन रहें है। उन्होंने कहा कि बीकानेर रेंज के सभी थानों ने आज पारिवारिक वानिकी के तहत महिला सरपंचों की अगुवाई में फलदार पौधों का रोपण करवाया गया है। इस दौरान प्रोफ़ेसर ज्याणी ने कहा कि पर्यावरण के संरक्षण को लोक व सांस्कृतिक चेतना से जोड़कर ही बेहतर ढंग से क्रियान्वयन किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि राम रूँख अभियान के तहत हम देश और दुनिया के अधिकाधिक परिवारों को फलदार पेड़ों से जोड़ेंग और ये अभियान वर्ष 2030 तक लगातार चलाया जाएगा। जैन मुनि अरविंद ने भारतीय संस्कृति में समाहित पर्यावरणीय पक्ष के बारे में बताते हुए बील पत्र के पेड़ों के आध्यात्मिक पहलुओं को समझाया। अतिथि सुरेंद्र धारणिया ने कहा कि पारिवारिक वानिकी राम रूँख अभियान स्कूली विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति की स्वस्थ परंपराओं से जोड़ने में मील का पत्थर साबित होगा। सी.ए. श्रवण गोदारा ने कहा कि यह मुहिम आज की सबसे बड़ी ज़रूरत है क्योंकि हमारी हवा, पानी, मिट्टी सभी प्रदूषण की भेंट चढ़ रहें है। इस दौरान कविता ज्याणी ने बताया कि सतत विकास के लक्ष्यों को हासिल करने हेतु पारिवारिक वानिकी राम रूँख अभियान को जन मुहिम बनाने हेतु सभी को आगे आना होगा। सरपंच प्रतिनिधि हेतराम जाखड़ ने सभी अतिथियों का आभार जताया। कार्यक्रम में देव जसनाथ वन मंडल अध्यक्ष बहादुरमल सिद्ध, राम रूँख अभियान के ज़िला संयोजक हुक्माराम झोरड़, सह संयोजक बीरबलनाथ जाखड़, ब्लॉक संयोजक बजरंग भांभू, पुखराज ज्याणी, सरपंच प्रतिनिधि हेतराम जाखड़, बलराम जाखड़, सीओ गोमाराम जाट, थानाधिकारी इन्द्र कुमार, हेमनाथ जाखड़, सत्यनारायण तावणीया सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं, पुरूषों व युवाओं ने भागीदारी निभाई।
हजारों ग्रामीणों ने ली पर्यावरण संरक्षण व महिला सम्मान की शपथ।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। समारोह में लोगों ने फलदार पौधा हाथ में लेकर हरित राम दूत बनने की शपथ ली और प्राप्त पौधे को अपने घरों में हरित सदस्य के रूप में स्थान देते हुए रोपित किया। समारोह में हजारों ग्रामीण व अनेक जनप्रतिनिधि शामिल हुए। सभी को एक शपथ का वाचन करवाया गया। ग्रामीणों में चर्चा रही कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में हो रहें इस प्रयास में महिला सम्मान की सामाजिक जागृति का प्रयास भी जुड़ा हुआ है। ये महिलाओं के प्रति अपराध कम करने की दिशा में भी सार्थक प्रयास हो सकेगा। आप भी पढें शपथ का प्रारूप – “हम पारिवारिक वानिकी : राम रूँख अभियान से जुड़कर इन पौधों को अपने परिवार का हरित सदस्य बना रहे हैं और हमेशा इनका ख़्याल रखेंगे। पेड़ों व जीवों की रक्षा करेंगे। ओरण-गोचर आदि सार्वजनिक भूमि पर कब्जा नहीं करेंगे। अपने ओरण- गोचर, धार्मिक स्थलों, शिक्षण संस्थाओं आदि सभी प्रकार की सार्वजनिक भूमि, खेतों में अधिकाधिक पेड़ पनपाएँगे। अपने परिचितों को भी राम रूँख अभियान से जुड़ने हेतु प्रेरित करेंगे। महिलाओं- बेटियों का सम्मान करेंगे उनके साथ दुर्व्यवहार नहीं करेंगे व उनके प्रति कभी अपराध नहीं करेंगे, महिलाओं -बेटियों के साथ दुर्व्यवहार व आपराधिक कृत्यों की रोकथाम हेतु सामाजिक प्रयास करेंगे।“








