






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 12 अक्टूबर 2020। क्षेत्र के मोमासर गांव के प्रसिद्ध दिव्यांग चित्रकार बजरंग सुथार ने एक बार फिर पूरे श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र को राजधानी जयपुर में गौरान्वित किया है। जयपुर से दिया कुमारी ने चित्रकला में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित करने हेतु बजरंग सुथार को बुलाया है। महाराजा सवाई मानसिंह द्वितीय म्यूजियम ट्रस्ट की सेक्रेटरी राजकुमारी दिया कुमारी ने पत्र भेज कर सुथार को सूचना दी है कि चित्रकला और मूर्तिकला में उत्कृष्टता के लिए दिया जाने वाला राजस्थान का प्रतिष्ठित “महाराजा सवाई जगतसिंह अवार्ड” के लिए उन्हें चुना गया है। क्षेत्र के कलाकार इस उपलब्धि के लिए सुथार को बधाईयाँ दे रहे है। बजरंग सुथार ने कहा कि श्रीडूंगरगढ के मोमासर गांव में इस प्रतिष्ठित पुरस्कार के आने से वे प्रसन्न है। पुरस्कार महाराजा सवाई भवानी सिंह के जन्मोत्सव पर 22 अक्टूबर को जयपुर के सिटी पैलेस से ऑनलाइन कार्यक्रम में घोषित किया जाएगा जिसमें सुथार के जीवन के बारे में बताया जाएगा। बता देवें ये ट्रस्ट राजस्थान में विशेष क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले नागरिकों को चुन कर पुरस्कृत करता है। कला के क्षेत्र में यह काफी सम्मानीत पुरस्कार माना जाता है। सुथार को पूर्व में भी कई राष्ट्रीय व अंतराष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है।




