May 21, 2026
0000000

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 5 दिसंबर 2025। एक युवक ने अपने वाहन को बेचने के लिए फेसबुक पर पोस्ट लगाई। पोस्ट देखकर दूर से खरीदार आ गए और वाहन ले गए। खरीददारों ने ना पैसे चुकाए ना ही किश्त भरी और वाहन लौटाने से मना कर दिया। अब परेशान युवक ने श्रीडूंगरगढ़ थाने पहुंच कर दो आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में मामला दर्ज करवाया है।
गांव बाडेला निवासी 22 वर्षीय प्रकाश पुत्र अमराराम नायक ने सीकर, लक्ष्मणगढ़ के छिंछास निवासी कुलदीपसिंह पुत्र मोहनसिंह राजपूत व विक्रमसिंह पुत्र रणवीरसिंह राजपूत के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। परिवादी ने पुलिस को बताया कि उसके भाई रामनिवास के नाम एक पिकअप गाड़ी फाइनेंस कंपनी से फाइनेंस करवा रखी थी। जिसका सारा कामकाज वही देखता था। पिकअप को बेचने के लिए उसने फेसबुक पर पोस्ट लगाई। आरोपियों ने पोस्ट देखकर उससे संपर्क किया। आरोपी ने 10-15 दिन में फाइनेंस का ऋण चुका देने की शर्तपर वाहन खरीदने की बात की। परिवादी ने 11,40,000 में गाड़ी बेचना तय किया। 26 जुलाई 2025 को दोनों आरोपी परिवादी के गांव के घर आए और 500 रूपए के स्टाम्प पर लिखापढ़ी कर 60 हजार रूपए नगदी दिए व बकाया जल्दी देने का भरोसा देकर वाहन ले गए। परिवादी ने गाड़ी व गाड़ी के कागज उनके सुपुर्द कर दिए। आगामी 10 अगस्त की किश्त ड्यू हो गई तो परिवादी ने आरोपी से संपर्क किया। उसने टालमटोल करते हुए ना किश्त भरी और ना ही लिखापढ़ी कर गाड़ी व लोन अपने नाम ट्रांसफर करवाए है। परिवादी ने 1 सितंबर को आरोपी कुलदीप सिंह को फोन किया तो उसने फाईनेंस के रूपए चुकाने, गाड़ी अपने नाम करवाने, वापस गाड़ी देने से इंकार कर दिया व गाड़ी को खुर्द बुर्द करने की धमकी दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच एसआई रतनलाल को सौंप दी है।