






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 4 अप्रैल 2024। गत 30 मार्च की देर शाम नेशनल हाइवे की उत्तरी सर्विस रोड पर हुई सड़क दुर्घटना में एक नामजद कार सवार के खिलाफ मामला दर्ज हुआ है। देवाराम पुत्र दिवंगत पेमाराम जाट निवासी मोमासर बास ने पुलिस को बताया कि उसके ताऊ का लड़का गोपालराम पुत्र नरसिंहराम किसी सरकारी कार्य से गया था और 30 मार्च को शाम को 6 बजे अपनी मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था। तभी सर्विस रोड पर नथूसिंह पुत्र छैलूसिंह राजपूत निवासी पुंदलसर ने तेज व लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए गोपालराम की बाइक को टक्कर मार दी। जिससे वह घायल हो गया और बाएं पैर की नली की हड्डी टूट कर अलग अलग हो गई। श्रीडूंगरगढ़ से उसे घायलावस्था में बीकानेर रेफर कर दिया गया जहां वह उपचाराधीन है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है।



