






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 30 अगस्त 2022। भादवा सुदी दूज सोमवार को घर घर में बाबा रामदेव का जन्मोत्सव मनाया गया। रामदेवजी के मंदिरों में केक काटा गया व घरों में प्रसाद बना कर भोग लगाया गया। श्रद्धालुओं ने बीज को चंद्र दर्शन किए और बाबा का जयकारे लगाए। भादवा महिना देवताओं के दर्शन और मेलों मगरियों में व्यतीत हो रहा है। वार्ड 24 के रामेदव मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने बाबा के दर्शन किए व केक काट कर प्रसाद वितरण किया। इस दौरान मंदिर को गुब्बारों से सजाया गया और भजन कीर्तन का आयोजन किया गया। पुजारी लीलाधर ने बताया कि पार्षद रामसिंह जागीरदार की अगुवाई में मुरली, गोरधन भार्गव, गोपाल, भैरूसिंह, शिव, रेवतराम, भैरू, पुखराज, मनीष, अनिल सहित अनेक भक्तों ने अपनी सेवाएं दी। आज कस्बे से खाटू श्यामजी के लिए पदयात्रियों का संघ धूमधाम से रवाना हुआ। बाबा की ध्वजा लेकर जयकारों के साथ श्रद्धालु रवाना हुए तो नागरिकों ने पुष्पमालाएं पहना कर उन्हें सफल यात्रा की शुभकामनाएं दी। इस दौरान श्याम बाबा की झांकी सजाई गई। गांव लोढेरा से सोमवार को रामदेव बाबा के लिए पदयात्री संघ रवाना हुआ। गांव दुलचासर से लोक देवता हरिराम बाबा के झोरड़ा धाम में धोक लगाने के लिए सोमवार शाम पैदल यात्री संघ रवाना हुआ। रवानगी से पूर्व गांव के मिठिया कुआं स्थित हरिराम बाबा मंदिर में पुजारी कुनणमल ओझा द्वारा ज्योत प्रज्ज्वलित कर विशेष पूजा अर्चना की गई। ओझा ने बताया कि गौ माता की अकाल मौत से व्यथित ग्रामीण इस बार बड़ी संख्या में गौ माता की रक्षा के लिए प्रार्थना करने झोरड़ा धाम जा रहें हैं। गांव सूडसर से आज वीर तेजाजी मंदिर से सूरसूरा धाम पर धोक लगाने के लिए धूमधाम से संघ रवाना होगा।










