May 20, 2026
BIKE

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 30 अगस्त 2021। श्रीडूंगरगढ़ कस्बे में घास मंडी रोड पर चाय वाले सांवरजी ने आज ईमानदारी का परिचय देकर नैतिक मूल्यों के संरक्षण में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया है। श्रीडूंगरगढ़ में 23 अगस्त को श्यामा देवी पत्नी रामनिवास सारस्वत बाजार से सामान लेने घर से निकली और घास मंडी रोड पर पहुंची तो उनका पर्स कहीं गिर गया था। ये पर्स यहां चाय बना कर आस पास की दुकानों में चाय पहुंचाने वाले सांवरमल प्रजापत को मिला और प्रजापत ने पर्स के मालिक की तलाश प्रारम्भ कर दी। किसी ने रविवार को सांवरमल को श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स में प्रकाशित खबर के बारे में बताया व प्रजापत ने खबर में प्रकाशित रामनिवास सारस्वत के फोन नम्बरों पर सूचना दी। आज सुबह रामनिवास व उनकी पत्नी श्यामादेवी ने आड़सर बास स्थित सांवरमल के घर जाकर अपनी अमानत उनसे प्राप्त की। रामनिवास ने बताया कि पर्स में आधार कार्ड सहित 5 हजार रूपए भी थे व कान की बाली भी थी। ये सभी सामान पर्स में उन्हें पुनः प्राप्त हो गया है। रामनिवास व श्यामादेवी ने सांवरमल प्रजापत का आभार प्रकट करते हुए कहा कि आज के इस दौर में भी ऐसे नागरिकों ने ईमानदारी को सुरक्षित रखा है। रामनिवास व श्यामादेवी ने श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स का भी खबर प्रकाशन के लिए आभार प्रकट करते हुए कहा कि ऐसे प्लेटफॉर्म से नागरिकों में नैतिकता बचाएं रखने में टाइम्स का सामाजिक योगदान सराहनीय है। सांवरमल प्रजापत ने भी तुरंत श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स का ग्रुप जॉइन किया जिससे उन्हें अपने क्षेत्र की सभी अपडेट प्रामाणिक व विश्वसनीय तौर पर मिल सके।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। चाय वाले सांवरजी ने ईमानदारी का परिचय दिया।