May 20, 2026
00

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 23 दिसंबर 2021। आज सुबह क्षेत्रवासी उठे तो श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के आसमान में बादल छाए नजर आए और सर्दी से कुछ राहत मिली है। हवाओं का रूख बदलने के कारण शीतलहर में राहत मिली है परन्तु कड़ाके की सर्दी का दौर अभी जारी है। अब अगले दो-तीन दिन में कुछ जिलों में बारिश की होने संभावना की जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो-तीन दिनों में दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होंगे। इसके कारण क्रिसमस के बाद तीन दिन बारिश होने के आसार हैं। शेखावाटी समेत कुछ इलाकों में तो तापमान अभी भी पांच डिग्री से नीचे बना हुआ है। राजस्थान में कड़ाके की सर्दी का दौर जारी है और प्रदेश के सभी हिस्सों में पारा 10 डिग्री के नीचे बना हुआ है। हालांकि पिछले एक सप्ताह से चल रही शीतलहर से कुछ राहत मिली है लेकिन बारिश की संभावनाओं से मुश्किलें बढऩे वाली है। मौसम विभाग के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया की आगामी दिनों में उत्तर पश्चिम भारत के कुछ भागों में दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होंगे। इनमें एक पश्चिमी विक्षोभ 24 दिसंबर से सक्रिय होगा। जबकि दूसरा पश्चिमी विक्षोभ 26 दिसंबर से प्रदेश में सक्रिय होगा। इन दोनों सिस्टम के प्रभाव से 26, 27 और 28 दिसंबर के दौरान राजस्थान के उत्तरी और आसपास के क्षेत्रों में कहीं-कहीं मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम दर्जे की बरसात होने की प्रबल संभावना है। मौसम विभाग ने 25 दिसंबर को हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर जिले में कहीं कहीं पर घना कोहरे की संभावना जताई है।