






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 4 फरवरी 2024। बड़ी एलईडी से सजा मंच, रंग बिरंगे वस्त्रों से सजे धजे बच्चे, विभिन्न गीत संगीत पर प्रस्तुतियां देते नन्हें मुन्नों को देखकर सैंकड़ो अभिभावक मंत्रमुग्ध हो गए। ये दृश्य नजर आया आज श्रीडूंगरगढ़ में हनुमान धोरा स्थित कन्हैयालाल सिखवाल राजकीय अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में, और मौका था स्कूल के वार्षिकोत्सव का। बड़ी संख्या में बच्चों के अभिभावक समारोह में शामिल हुए व आयोजन की सराहना की। वार्षिकोत्सव पर दानदाताओं द्वारा विद्यालय में नवनिर्मित कक्षा कक्षों व प्याऊ इत्यादि का समर्पण विद्यालय को किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक ताराचंद सारस्वत पहुंचे और सभी बच्चों को मेहनत से पढ़ने लिखने की प्रेरणा दी। विशिष्ट अतिथि उपखंड अधिकारी मुकेश चौधरी ने विद्यार्थियों को बिना तनाव लिए परीक्षाओं की तैयारी करने व सह शैक्षिक गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। समारोह की अध्यक्षता दमयंति देवी सिखवाल ने की तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में एडीपीसी गजानंद, सीबीईओ ओमप्रकाश प्रजापत शामिल हुए। इस दौरान कुल 106 दानदाताओं को स्कूल परिवार ने फूलमाला, साफा व स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। विद्यालय की प्रधानाध्यापिका विमला गुर्जर ने सभी का स्वागत करते हुए आभार जताया। गुर्जर ने विद्यालय की प्रगति के बारे में विचार रखते हुए प्राथमिक विंग के निर्माण की जरूरत भी बताई। इस दौरान राजेन्द्र प्रसाद राखेचा ने छात्राओं के लिए सुलभ सुविधाओं के निर्माण की घोषणा भी की।
इन्होंने करवाए निर्माण, किया समर्पण, जताया आभार।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। कन्हैयालाल सिखवाल रावि अंग्रेजी माध्यम में आज दूसरा वार्षिकोत्सव मनाया गया। नए विद्यालय में संसाधन जुटाने के लिए पूरे स्टाफ ने समग्र प्रयास किए। समारोह में सर्वप्रथम दिवंगत पूर्व प्रधान दानाराम भांमू की स्मृति में भामू परिवार, मोमासर द्वारा बच्चों की उन्नति के लिए उन्नति कक्ष का उद्घाटन परिवार के हनुमानाराम भामू एवं समस्त भामू परिवार द्वारा किया गया। विधायक ताराचंद सारस्वत ने दानदाताओं द्वारा बनवाएं गए तीन कक्षों का उद्घाटन किया। इस दौरान श्यामसुदंर आर्य, श्रीगोपाल राठी, विजयराज सेवग सहित भामू परिवार के सदस्य उपस्थित रहें। दिवंगत बन्नाराम एवं दिवंगत खुशीराम नाई की स्मृति में निर्मित सिढ़ीमय बरामदा और कक्ष का उद्घाटन उपखंड अधिकारी मुकेश चौधरी और दिवंगत खुशीराम नाई की पत्नी गुलाब देवी ने किया। मौके पर सत्यनारायण नाई, गौरीशंकर नाई, रजनी देवी, सूर्यप्रकाश, अनिल धायल, राधेश्याम वर्मा उपस्थित रहें। एडवोकेट मनोज नाई ने शिक्षा क्षेत्र में विद्यालय प्रशासन के कार्यों की सराहना की। एमना बानो की पुण्यतिथि की पुण्य स्मृति में उनके शौहर अबुल रजाक बेहलीम व उनके पुत्रों द्वारा निर्मित प्याऊ का उद्घाटन विधायक ताराचंद सारस्वत सहित अबुल रजाक द्वारा किया गया। मौके पर हारूण बहलीम, मोहम्मद रजाक, सागर, राजूद्दीन पंवार उपस्थित रहें। जनसहयोग एवं दानदाताओं के सहयोग से निर्मित अन्य 2 कक्षा कक्षों का उद्घाटन सीबीईओ ओमप्रकाश प्रजापत, एडीपीसी समसा गजानंद, प्रधानाचार्य विमला गुर्जर, स्टॉफ सदस्यों व अन्य दानदाताओं द्वारा किया गया। सभी दानदाताओं का शाला स्टाफ ने एक स्वर में आभार जताया और आगे भी सहयोग की अपील की।














