






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 24 जुलाई 2022। नूतन सप्ताह विक्रम संवत् 2079, श्रावण कृष्णा -11/12 , रविवार , दिनांक – 24 /07/2022 से आरंभ होकर श्रावण शुक्ला -2/3 शनिवार , दिनांक – 30/07/2022 तक रहेगा । आइए जानते हैं मेष आदी 12 राशियों के लिए यह सप्ताह कैसा रहेगा ?
पाठकों के संशय की निवृत्ति हेतु विशेष-
जातक अपनी जन्म राशि से राशिफल देखें या प्रचलित नाम से राशिफल देखें ?
विवाह में, सभी संस्कारों में, यात्रा में , ग्रहगोचर विचार में, जन्म राशि से विचार करना चाहिए नाम राशि से नहीं।
गृह कार्य में, ग्राम वास विचार में, मंत्र ग्रहण करने में, युद्ध के विचार में ,नौकर रखने में, नौकरी करने में नाम राशि से विचार किया जाता है जन्म राशि से नहीं।
यथोक्तं –
विवाहे सर्वसंस्कारे यात्रायां ग्रहगोचरे।
जन्मराशि प्रधानत्वं नामराशिं न चिंतयेत् ।। गृहे ग्रामे तथा मन्त्रे युद्धे वा स्वामिसेवके । नामराशि प्रधानत्वं जन्मराशिं न चिंतयेत् ।।
1.मेष
चू-चे-चो-ला, ली-लू-ले-लो-अ ( अश्विनी १-४, भरणी १-४, कृत्तिका-१)
मेष राशि के जातकों के लिए सप्ताह की शुरूआत में आर्थिक नुकसान होने की संभावना प्रतीत हो रही हैं। इस दौरान किसी से वाद- विवाद या कलह भी संभव है। किंतु सोमवार मध्याह्न काल से बुधवार मध्य रात्रि तक आर्थिक लाभ की भी संभावनाएं प्रतीत हो रही है। यह समय आपके लिए सुखद रहने के आसार हैं। किंतु बुधवार मध्य रात्रि से शनिवार मध्याह्न काल तक आहार ग्रहण करते समय विशेष ध्यान रखें अन्यथा आपको पेट दर्द या गैस संबंधित उदर-विकार उत्पन्न हो सकता है। शनिवार मध्याह्न काल के बाद यदि आप कोई विशेष कार्य करने जा रहे हैं तो कृपया उसे कुछ समय के लिये टालने का प्रयास करें अन्यथा आपके द्वारा निर्मित समस्त योजनाएं विफल हो सकती है।
निवारण-१.अपनी माता जी के चरणस्पर्श करके सप्ताह की शुरुआत करें। २. बुधवार को लाल धागे में ५ दुर्वा को लपेटकर गणपति बप्पा को चढ़ाएं।
2. वृषभ
ई-उ-ए ,ओ-वा-वी-वू , वे-वो (कृत्तिका २-४, रोहिणी १-४, मृगशिरा-१-२)
वृषभ राशि के जातकों के लिए यह सप्ताह उतार-चढ़ाव युक्त रहने की संभावनाएं प्रतीत हो रही है। सप्ताह की मध्यम शुरुआत के साथ ही सोमवार मध्याह्न काल से बुधवार मध्य रात्रि तक का समय कष्टप्रद ही रहने के आसार प्रतीत हो रहे हैं इस दौरान कृपया शत्रुओं से विशेष सावधान रहें अन्यथा वे आपको किसी भी प्रकार से नुकसान पहुंचा सकते हैं। हालांकि बुधवार मध्य रात्रि से शनिवार दोपहर तक आर्थिक लाभ की भी संभावनाएं प्रतीत हो रही हैं। किंतु शनिवार मध्याह्न के बाद शारीरिक कष्ट उत्पन्न होने से भी इंकार नहीं किया जा सकता है अतः सावधान रहें।
निवारण- सोमवार को भगवान शिव को जल अर्पण करें एवं शनिवार को गाय को गुड़ एवं हरे रंग की घास खिलाएं।
3. मिथुन
का-की,कु-घ-ड़-छ,के,को,ह (मृगशिरा-३-४, आर्द्रा १-४, पुनर्वसु १-३)
मिथुन राशि के जातकों को सप्ताह की शुरुआत में कोई अप्रिय समाचार मिलने के आसार के प्रतीत हो रहे हैं । सोमवार से बुधवार तक के मध्य काल में किसी बाहरी क्षेत्र की यात्रा से भी इंकार नहीं किया जा सकता है। बुधवार मध्य रात्रि से शनिवार मध्याह्न तक का समय भी कष्टप्रद ही रहने की संभावनाएं प्रतीत हो रही है। हालांकि शनिवार मध्याह्न के बाद आर्थिक लाभ की भी संभावनाएं प्रतीत हो रही है।
निवारण-१.अनुलोम – विलोम प्राणायाम से सप्ताह की शुरुआत करें। २.मंगलवार को हनुमानजी की विशेष उपासना करें।
4.कर्क
ही,हू-हे-हो-डा, डी-डू-डे-डो (पुनर्वसु-१,पुष्य-१-४,आश्लेषा १-४)
कर्क राशि के जातकों के लिए यह सप्ताह उतार-चढ़ाव युक्त रहने के संकेत प्रदान कर रहा है। इस दौरान सप्ताह की शुरुआत में आर्थिक लाभ की संभावना प्रतीत हो रही है किंतु सोमवार मध्याह्न से बुधवार तक का समय कष्टप्रद ही रहने की संभावनाएं प्रतीत हो रही है इस दौरान आपको कोई अप्रिय समाचार मिलने के साथ ही आपका किसी के साथ अकारण ही बैर उत्पन्न हो सकता है। गुरुवार से शनिवार के बीच में आपका किसी बाहरी क्षेत्र की यात्रा का योग भी बनने के आसार प्रतीत हो रहे हैं। शनिवार के मध्यकाल के बाद से आपको मानसिक तनाव का भी सामना करना पड़ सकता है।
निवारण-सप्ताह के सोमवार को गौसेवा एवं शनिवार को हनुमानाष्टक का पाठ करें।
5. सिंह
मा-मी-मू-मे, मो-टा-टी-टू- टे (मघा-१-४, पूर्वाफाल्गुनी-१-४, उत्तराफाल्गुनी-१)
सिंह राशि के जातकों के लिए यह सप्ताह मिश्रित फलकारक प्रतीत हो रहा है। सप्ताह का रविवार से बुधवार मध्य रात्रि तक का समय सुखद एवं लाभप्रद ही रहने के आसार प्रतीत हो रहे हैं। इस दौरान आपको आर्थिक लाभ प्राप्त होने की प्रबल संभावनाएं प्रतीत हो रही है किंतु बुधवार मध्य रात्रि से शनिवार तक का समय कुछ और ही संकेत दे रहा है इस दौरान आपको कोई अप्रिय समाचार प्राप्त होने के साथ शारीरिक कष्ट , फिजूल खर्च के साथ ही किसी बाहरी यात्रा होने से भी इंकार नहीं किया जा सकता है अतः सावधान रहें।
निवारण- बुधवार से शनिवार नित्य गाय को गुड़ एवं हरी घास खिलाएं और भगवान शिव को ” ओउम् नमः शिवाय” मंत्र से जल एवं बिल्वपत्र अर्पण करें।
6.कन्या
टो-प-(प्र )-पी,पू- ष-ण-ठ,पे-पो (उफा.-२-४, हस्त- १-४,चित्रा-१-२)
कन्या राशि के जातकों के लिए रविवार से सोमवार मध्याह्न तक का समय कष्टप्रद रहने के आसार प्रतीत हो रहे हैं इस दौरान आपको मानसिक तनाव भी संभव है। किंतु सोमवार मध्याह्न से शनिवार मध्याह्न तक का समय सुखद एवं लाभप्रद रहने का भी संकेत प्रदान कर रहा है किंतु शनिवार मध्याह्न काल के उपरांत के समय में आपको कोई अप्रिय समाचार मिलने के कारण आपका मन अशांत हो सकता है।
निवारण-१. सोमवार को सफेद वस्त्र धारण करके भगवान शिव को गाय का कच्चा दुध अर्पण करें।
२. शनिवार के दिन मंदिर में हनुमानजी को चमेली का तेल मिश्रित सिंदूर अर्पण करके उनके चरणों से सिंदूर लेकर अपने मस्तिष्क पर तिलक लगाएं।
7.तुला
रा-री,रू-रे-रो-ता,ती-तू-ते
(चित्रा-३-४, स्वाति-१-४, विशाखा-१-३)
तुला राशि के जातकों के लिए सप्ताह के रविवार से बुधवार मध्य रात्रि तक का समय कष्टप्रद ही रहने का संकेत प्रदान कर रहा है इस दौरान आपको शारीरिक कष्ट , राजकीय बाधाओं , आर्थिक नुकसान जैसी परिस्थितियों का सामना करना पड़ सकता है इस दौरान वाद-विवाद भी संभव है अतः इस दौरान आप विशेष सावधान रहें। हालांकि बुधवार मध्य रात्रि से शनिवार तक का समय सुखद एवं लाभप्रद रहने के भी आसार प्रतीत हो रहे हैं।
निवारण- यथासंभव सम्पूर्ण सप्ताह घर की छत पर पक्षियों के लिए जल की व्यवस्था करें एवं अधिकाधिक गौ सेवा करें।
8. वृश्चिक
तो,ना-नी-नू-ने,नो-या -यी-यू
(विशाखा-१, अनुराधा-१-४, ज्येष्ठा-१-४)
वृश्चिक राशि के जातकों के लिए आर्थिक लाभ के साथ ही सप्ताह की शुरुआत होने का शुभ संयोग तो प्रतीत हो रहा है किंतु सोमवार मध्याह्न से शनिवार मध्याह्न तक का समय कुछ इसके विपरित परिस्थितियों का संकेत दे रहा है इस दौरान आपको शारीरिक कष्ट के साथ ही राजकीय बाधाओं का भी सामना करना पड़ सकता है। हालांकि शनिवार मध्याह्न काल के बाद का समय सुखद रहने के भी आसार प्रतीत हो रहे हैं।
निवारण-१.-सोमवार को दुध एवं चावल की खीर बनाकर गरीबों को दान करें।
निवारण २.- बुधवार को लाल धागे में ५ दुर्वा को लपेटकर गणपति बप्पा को चढ़ाएं।
9.धनु
ये- यो- भ-भी,भू- ध- फ -ढ-,भे
(मूल-१-४,पूर्वाषाढ़ा-१-४,उत्तराषाढ़ा-१)
धनु राशि के जातकों के लिए रविवार से बुधवार मध्य रात्रि तक का समय आर्थिक दृष्टिकोण से लाभप्रद रहने के आसार प्रतीत हो रहे हैं। किंतु बुधवार मध्य रात्रि से शनिवार तक का समय कष्टप्रद ही रहने का संकेत प्रदान कर रहा है इस दौरान आपको शारीरिक कष्ट, आर्थिक हानि, वाद-विवाद, शत्रुओं से कष्ट उत्पन्न होने की संभावना, गृह क्लेश जैसी परिस्थितियों का सामना करना पड़ सकता है अतः सावधान रहें।
निवारण- इस सप्ताह नित्य यथासंभव भगवान शिव की आराधना के साथ ही गौसेवा करने से अनुकूल परिणाम प्राप्त होने के आसार प्रतीत हो रहे हैं।
10. मकर
भो-जा-जी, खी-खू-खे-खो, ग-गी
उत्तराषाढा २-४,श्रवण- १-४, धनिष्ठा-१-२)
मकर राशि के जातको के लिए यह सप्ताह उतार-चढ़ाव युक्त रहने का संकेत प्रदान कर रहा है इस दौरान सप्ताह के आरंभकाल में यदि आप कोई विशेष कार्य करने जा रहे हैं या कोई विशेष आगामी योजनाओं के निर्णय लेने जा रहे हैं तो कृपया उसे सोमवार दोपहर तक के लिए टालने का प्रयास करें अन्यथा आपके द्वारा निर्मित समस्त योजनाएं विफल हो सकती है। हालांकि सोमवार दोपहर से शनिवार दोपहर तक का समय लाभप्रद रहने के भी आसार प्रतीत हो रहे हैं। किंतु शनिवार मध्याह्न के बाद शारीरिक कष्ट उत्पन्न होने से भी इंकार नहीं किया जा सकता है अतः इस दौरान अपने स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें।
निवारण- १.रविवार को भैरव उपासना के साथ अपने नये सप्ताह की शुरुआत करें.
२.शनिवार को पीपल के पेड़ में जल अर्पण करें एवं तेल का दीपक अवश्य करें।
11. कुंभ
गू-गे,गो-सा-सी-सू, से- सो-द
(धनिष्ठा-३-४, शतभिषा-१-४,पू.भा.-१-३,)
कुंभ राशि के जातकों के लिए सप्ताह का आरंभकाल एवं मध्यकाल कष्टप्रद रहने के आसार प्रतीत हो रहे हैं इस दौरान आपको पेट दर्द या गैस विकार जैसे शारीरिक कष्ट उत्पन्न हो सकता है अतः आहार ग्रहण करते समय विशेष सावधान रहें। सोमवार मध्याह्न से बुधवार रात्रि तक के मध्य यदि आप कोई विशेष कार्य या नया कार्य आरंभ करने जा रहे हैं तो कृपया उसे क्रियान्वित न करें अन्यथा आपके लिए नुकसानदायक हो सकता है। इस दौरान आपको कोई अप्रिय समाचार मिलने से भी इंकार नहीं किया जा सकता है अतः सावधान रहें। हालांकि बुधवार मध्य रात्रि से शनिवार तक का समय आर्थिक दृष्टिकोण से लाभप्रद रहने के भी आसार प्रतीत हो रहे हैं।
निवारण- रविवार से मंगलवार तक पक्षियों के लिए जल की व्यवस्था करें एवं बुधवार को भगवान गणेश जी की आराधना करें एवं शनिवार काले तिल के साथ आटा और शक्कर मिलाकर चींटियों को खाने के लिए दें।
12. मीन
दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची (पूभा.-१, उ.भा.-४, रेवती- ४)
मीन राशि के जातकों के लिए रविवार से सोमवार मध्याह्न तक के समय में आर्थिक लाभ प्राप्त होने के आसार प्रतीत हो रहे हैं किंतु सोमवार मध्याह्न से बुधवार मध्य रात्रि तक के मध्य काल में आपको शारीरिक कष्ट भी उत्पन्न हो सकता है अतः सावधान रहें। बुधवार मध्य रात्रि से शनिवार दोपहर तक यदि आप कोई विशेष कार्य करने जा रहे हैं तो कृपया उसे टालने का प्रयास करें अन्यथा आपके द्वारा निर्मित समस्त योजनाएं विफल हो सकती है। हालांकि शनिवार मध्याह्न काल के बाद का समय लाभप्रद रहने की भी संभावनाएं प्रतीत हो रही है।
निवारण- १.सोमवार को भगवान शिव को “ओउम् नमः शिवाय मंत्र”से गाय का कच्चा दुध एवं बिल्वपत्र अर्पण करें।
२.इस सप्ताह अधिकाधिक गौ सेवार्थ गाय को हरी घास और गुड़ खिलाएं।
राजगुरु रामदेव उपाध्याय- 9829660721




