May 20, 2026
10-oct

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 18 नवंबर 2023। चुनावी माहौल एक ओर जहां चारों ओर चर्चाएं चुनाव की हो रही है वहीं दूसरी ओर आज सभी नागरिक प्रसन्नता के साथ बेटियों की जीत की बधाई बांट सकते है। दिव्या की स्वर्णिम उपलब्धि के बाद एक ओर बेटी द्वारा आरएएस 2021 में सफलता हासिल करने की खबर सामने आई है। श्रीडूंगरगढ़ शहर के कालूबास निवासी निर्मला पांडिया ने भी आरएएस 2021 में 116वीं रैंक पर सफलता हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। तीसरे प्रयास में निर्मला ने ये सफलता हासिल की है और वे अपनी सफलता का पूरा श्रेय अपने पिता और अपनी माता संपत्तिदेवी को दे रही है। निर्मला ने टाइम्स को बताया कि प्रशासनिक सेवाओं में सफलता हासिल करने का मार्ग धैर्य व निरंतर अध्ययन के रास्ते से होकर ही लक्ष्य तक पहुंचता है। उनके पिता छगनलाल ने बताया कि निर्मला ने श्रीडूंगरगढ़ कस्बे की ही स्कूल भारती निकेतन से 12वीं में जिला स्तर पर टॉप किया था व श्रीडूंगरगढ़ से ही अपनी ग्रेज्यूशन पूरी की थी। आगे का अध्ययन उन्होंने जयपुर में किया तथा वर्तमान में वे केंद्र सरकार के अधीन श्रम एवं रोजगार मंत्रालय में इन्वेस्टीगेटर के पद पर चंडीगढ़ में कार्यरत है। उन्होंने केन्द्र व राज्य स्तरीय अनेक प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल की परंतु वे निरंतर अध्ययन आरएएस के लिए करती रही। उनके सलेक्शन से परिवार में प्रसन्नता का माहौल है और सभी परिजन व मित्रगण उनकी सफलता के लिए उन्हें बधाइयां दे रहें है।