






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 22 फरवरी 2022। इन दिनों क्षेत्र में श्रीडूंगरगढ़ बीदासर मार्ग पर स्थित रेलवे लाइन के ऊपर से ओवर ब्रिज बनाने की मांग जोर पकड़ रही है। लगातार रिड़ी, बाना के युवक सोशल मीडिया पर इसके लिए आवाज उठाने की मांग कर रहें है। इस रेलवे लाइन का फाटक दिन में कई बार बंद होने से श्रीडूंगरगढ़ से दक्षिण में स्थित करीब एक दर्जन से अधिक गांव के ग्रामीण इस समस्या से बुरी तरह से प्रभावित है। पीसीसी अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के साेमवार को श्रीडूंगरगढ़ आगमन युवाओं ने ये समस्या प्रमुखता से उठायी व राज्य सरकार से समाधान करवाने की मांग की। इस समस्या पर यूथ कांग्रेस के देहात जिलाध्यक्ष हरिराम बाना की अगुवाई में युवाओं ने डोटासरा को ज्ञापन दिया। बाना ने डोटासरा को बताया कि सैंकड़ो ग्रामीण बुरी तरह से इस समस्या से प्रभावित हो रहें है। बाना ने कहा कि प्रतिदिन हजारों नागरिक व वाहन यहां से गुजरते है और लंबे जाम में फंसने के साथ दिन में कई बार फाटक बंद होने की समस्या का सामना करते है। बाना ने बताया कि आने वाले समय मे यहां से होकर गुजरने वाली गाड़ियों की संख्या में भी इजाफा होगा जिससे नागरिकों के लिए ये मुसीबत अधिक बढ़ जाएगी। इस पर रिड़ी व बाना से आए युवाओं सहित सभी ने एक स्वर में मांग का समर्थन किया। पीसीसी अध्यक्ष ने सरकार के कानों तक श्रीडूंगरगढ़ की जनसमस्या की ये मांग पहुंचाने का आश्वासन भी दिया।
पूर्व विधायक गोदारा ने उठाई किसानों की समस्या।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। सोमवार को पूर्व विधायक मंगलाराम गोदारा ने बीकानेर में ऊर्जा मंत्री भंवरसिंह भाटी से मुलाकात की व क्षेत्र के किसानों की समस्याएं उठाई। गोदारा ने बिजली कटौती, बार बार ट्रांसफार्मर जलने व बिजली लोड की समस्याओं को मंत्री के सामने रखा। गोदारा ने मंत्री भाटी से आग्रह किया कि कृषि कुओं पर ट्रांसफॉर्मर में लोड समस्या के समाधान हेतु 100एचपी के एक ट्रांसफार्मर के स्थान पर 63एचपी के दो ट्रांसफार्मर लगाने के आदेश जारी किए जाएं जिससे एक खसरे में दोनों ट्यूबवेल से सिंचाई हो सके तथा किसानों को लोड की समस्या से निजात मिल सकें। इस पर भाटी ने गोदारा को शीघ्र समस्या समाधान का प्रयास करने की बात कही।






