May 20, 2026
00

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 22 फरवरी 2022। श्रीडूंगरगढ़ विवाद-पालिका में हर दिन नया पोलिटिकल ड्रामा सामने आ रहा है। मंगलवार को सुबह पालिका में बड़ी अजब-गजब स्थिति हो गई जब पालिका ईओ के खिलाफ निंदा प्रस्ताव के लिए विशेष साधारण सभा आहूत करने वाले पालिकाध्यक्ष स्वयं वहां अनुपस्थित रहे। बैठक का समय 10.15 होने पर पालिकाध्यक्ष अपनी गाड़ी में पालिका आये तो सही परंतु गाड़ी से उतर कर पालिका भवन के अंदर नहीं गए। पालिकाध्यक्ष मानमल शर्मा ने वरिष्ठ पार्षद विनोदगिरी गुसाईं को गाड़ी के पास बुलाया और अपनी बात रखी। बाद में विनोद गिरी गुसाईं ने पालिका भवन के अंदर एकत्र हुए पार्षदों को बताया कि पालिकाध्यक्ष के भाई का स्वास्थ्य बिगड़ने के कारण वह मीटिंग में शामिल नहीं हो पाएंगे और यह विशेष बैठक 2 दिनों बाद रखी जायेगी। ऐसे में पालिकाध्यक्ष समर्थक पार्षद तो मीटिंग स्थगित करने पर सहमत हो गए लेकिन पालिकाध्यक्ष विरोधी गुट के माने जाने वाले पार्षद मीटिंग करने पर अड़ गए। लंबे पोलिटिकल ड्रामे के बाद आखिर मीटिंग पालिका उपाध्यक्ष बंशीधर सुथार की अध्यक्षता में हुई और नगरपालिका ईओ भवानी शंकर व्यास के खिलाफ भारी भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए निंदा प्रस्ताव पारित किया गया। इस दौरान जम कर हंगामा हुआ और कोरम पूर्ति करते हुए 17 पार्षदों ने ईओ के खिलाफ रोष जताया।

ये पार्षद रहे मीटिंग के पक्ष और विपक्ष में।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। ईओ के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पारित करने की विशेष साधारण सभा बैठक में कोरम पूर्ति एक तिहाई सदस्यों यानी की 14 सदस्यों से होता है। पालिकाध्यक्ष द्वारा बैठक स्थगित करने के बाद उनकी अनुपस्थिति में पालिका उपाध्यक्ष बंशीधर सुथार की अध्यक्षता में इस बैठक में पार्षद जगदीश गुर्जर, सोहनलाल ओझा, सुजाता बरडिया, लक्ष्मीदेवी, परसराम राजपुरोहित, अंजू पारख, पार्वती माली, यूसुफ चुनगर, अभिषेक चौधरी, हीरालाल जाट, रमजाना, कमलादेवी करनानी, मघराज वाल्मीकि, श्याम सुंदर दर्जी, डोली देवी झंवर ओर दाऊद अली शामिल हुए। कांग्रेस, भाजपा और निर्दलीय पार्षदों द्वारा एकजुट होकर पालिका ईओ के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पारित किया गया। वही इस दौरान पालिकाध्यक्ष पक्ष के भाजपा पार्षद विनोदगिरी गुसाईं, रजत आसोपा, विक्रमसिंह शेखावत आदि पालिका में मौजूद तो रहे लेकिन बैठक निरस्त करने की मांग पर सभा भवन में नहीं गए।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। बैठक स्थगित के बाद वार्ता करते पार्षद।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। सदन में प्रस्ताव प्रस्तुत करते पालिका उपाध्यक्ष बंशीधर सुथार।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। ईओ के साथ मारपीट करने की आरोपी एईएन के साथ बैठक के दौरान चर्चा करते पालिका उपाध्यक्ष बंशीधर सुथार।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। सामूहिक रूप से ईओ के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पारित करते भाजपा, कांग्रेसस और निर्दलीय पार्षद।