






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 24 फरवरी 2025। बजट पर भाषण के दौरान भाजपा के मंत्री अविनाश गहलोत के बयान को लेकर कांग्रेस जबरदस्त विरोध प्रदर्शन कर रही है। जिला मुख्यालयों के बाद सोमवार को राजधानी जयपुर में प्रदर्शन किया गया। राजस्थान कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर आज विधानसभा घेराव करने प्रदेश भर से कांग्रेसी नेता व कार्यकर्ता पहुंचे। सभी ने जबरदस्त विरोध प्रदर्शन किया और पूर्व प्रधानमंत्री पर दिए गए बयान के लिए भाजपा मंत्री से माफी मांगने तथा 6 कांग्रेसी विधायकों का निलंबन वापस लेने की मांग की। श्रीडूंगरगढ़ से कांग्रेसी नेता मूलाराम भादू, हरिराम बाना, हेतराम जाखड़ , विमल भाटी सहित बड़ी संख्या में नेता शामिल हुए।
भाजपा ने किया अपमान, मांगे माफी- भादू
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। क्षेत्र के कांग्रेसी नेता मूलाराम भादू कांग्रेसी कार्यकर्ता सहीराम भादू लाखनसर, चंदूराम कड़वासरा, परमाराम भादू, भंवराराम भादू, सीताराम भादू, भंवरराम पूनियां, जयकिशन बागड़वा, रेखाराम लूखा जालबसर, धर्मपाल बांगड़वा, हेतराम लूखा, लेखराम डोटासरा बीरमसर, रामेश्वर डोटासरा, सहीराम मेघवाल, ईमीचंद मेघवाल, निंबाराम लूखा के साथ प्रदर्शन में शामिल हुए। कार्यकर्ताओं ने जमकर रोष जताया। भादू ने कहा कि भाजपा की मंशा कांग्रेस का अपमान करने की रही है जो लोकतंत्र में सहनीय नहीं है। 6 विधायकों के निलंबन चारों ओर निंदा हो रही है। सरकार ने मांगे नहीं मानी तो लगातार प्रदर्शन किए जाएंगे।
भाजपा समाज में घृणा बढ़ाने का काम रही है, बयान निंदनीय -बाना
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। भाजपा समाज में घृणा व नफरत की खाइयां बढ़ा रही है और इसी के बल पर सत्तासीन होकर बैठी है। समाज में विघटन विचारधारा की पोषक भाजपा के मंत्री का बयान निदंनीय है। ये बात पीसीसी सदस्य व कांग्रेस के युवा नेता हरिराम बाना ने जयपुर में प्रदर्शन करते हुए कही। बाना ने कहा कि कांग्रेस विधायकों का निलंबन लोकतंत्र पर प्रहार है। सरकार को चाहिए इस गतिरोध को दूर कर जनहित के कार्य करने पर ध्यान देवें। उनके साथ अनेक कार्यकर्ता जयुपर पहुंचे व प्रदर्शन में भाग लिया।
भाजपा लोकतंत्र के लिए घातक है – जाखड़
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। श्रीडूंगरगढ़ से कांग्रेस के युवा नेता हेतराम जाखड़ भी कार्यकर्ताओं के साथ जयपुर पहुंचे व जमकर विरोध जताया। जाखड़ ने कहा कि भाजपा लोकतंत्र के लिए घातक दल बन गया है। विधायकों का निलंबन का फैसला तुंरत वापस लिया जाना चाहिए था। सरकार के मंत्री पूर्व प्रधानमंत्री का सम्मान नहीं कर सकते और उनके प्रति ऐसा बयान देना इनकी मानसिकता बताता है।









