






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 5 सितम्बर 2024। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में विपक्षी राजनीति का पारा इन दिनों गर्म हो रहा है, यहां कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष गोविंदसिंह डोटासरा आगामी 15 सितम्बर को आ रहे है एवं उनके साथ कांग्रेस के आस पास के दिग्गज नेता श्रीडूंगरगढ़ पहुंच रहे है। यहां पर ग्राम पंचायत रीड़ी की सरपचं गुड्डी देवी के कार्यकाल में हुए विकास कार्यों, खेल मैदान का उदघाटन एवं किसान महासम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। सरपंच प्रतिनिधि हेतराम जाखड़ ने बताया कि गांव रीडी के खेल मैदान प्रांगण में आयोजित होने वाले इस किसान सम्मेलन में मुख्य अतिथि गोविंदसिंह डोटसरा होगें एवं अति विशिष्ट अतिथि के रूप में चूरू सांसद राहुल कस्वां, पूर्व कैबीनेट मंत्री गोविदंराम मेघवाल भी शामिल होगें। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में रतनगढ़ विधायक एवं बीकानेर प्रभारी फूसाराम गोदारा, तारानगर विधायक नरेन्द्र बुड़ानिया, नोखा विधायक सुशीला देवी डूडी, सुजानगढ़ विधायक मनोज मेघवाल, बीकानेर जिला प्रमुख मोड़ाराम मेघवाल, पूर्व विधायक मंगलाराम गोदारा, प्रदेश कांग्रेस कमेटी महासचिव राजेन्द्र मूंड, देहात जिलाध्यक्ष बिशनाराम सिहाग भी पहुंचेगें एवं क्षेत्र के युवाओं, किसानों को संबोधित करेगें।
गांव गांव पहुंच रही टोली, बांटे जा रहे निमंत्रण।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 5 सितम्बर 2024। गांव रीडी में आगामी 15 सितम्बर को होने वाले किसान महासम्मेलन के लिए कार्यकर्ताओं की टोली गांव गांव घूम रही है एवं लोगों को अधिकाधिक संख्या में पहुंचने का आह्वान करते हुए निमंत्रण बांट रही है। गुरूवार को क्षेत्र के गांव मिंगसरिया, धनेरू, धर्मास सहित कई गांवों में कार्यकर्ता पहुंचें। कार्यकर्ताओं ने आयोजन के पेम्पलेट बांटे एवं किसानों से अपने हकों की रक्षा के लिए ज्यादा से ज्यादा संख्या में सम्मेलन में पहुंचने का आग्रह किया है।

बढ़ा पारा, नेताओं ने जयपुर में डोटासरा से मुलाकात।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। अगले विधानसभा चुनाव अभी दूर है लेकिन इस आयोजन से श्रीडूंगरगढ़ का राजनैतिक पारा बढ़ता नजर आ रहा है। गत चुनावों में कांग्रेस की टिकट की दौड़ में शामिल रहे रीडी सरपंच प्रतिनिधि हेतराम जाखड़ की अगुवाई में यह किसान महासम्मेलन का आयोजन तय होने के बाद क्षेत्र के पुराने कांग्रेस नेता जयपुर में सक्रिय दिखे। सोशल मीडिया पर लगाई गई पोस्ट के अनुसार पूर्व विधायक मंगलाराम गोदारा के पुत्र एवं वर्तमान प्रधान प्रतिनिधि केशराराम गोदारा ने जयपुर पहुंच कर पार्टी प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा से मुलाकात की। हालांकी इस मुलाकात के दौरान विधानसभा क्षेत्र के कई मुद्दों पर चर्चा होने की पोस्ट स्वयं गोदारा द्वारा लगाई गई लेकिन क्षेत्र में इसकी खासी चर्चा अलग ही नजरीए में हो रही है।




