May 21, 2026
0000000101010100

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 23 मार्च 2023। क्षेत्र में भी इंटरनेट एवं मोबाईल के जमकर हुए प्रचलन के बाद अब इनसे जुड़े गंभीर अपराध भी बढ़ने लगे है। श्रीडूंगरगढ़ कस्बे के कालूबास निवासी एक महिला का उसके पड़ौसी ने ही अश्लील रिकार्डिंग कर ली और उसे ब्लैकमेल कर रुपयों की फिरौती भी वसूल की। विवाहिता ने आरोपी पर दुष्कर्म का आरोप भी लगाया है। श्रीडूंगरगढ़ थानाधिकारी अशोक विश्नोई ने बताया कि कालूबास में विवाहिता करीब एक वर्ष से अपने ससुराल से अलग होकर अपने पति के साथ किराए के मकान में रहती है। इस मकान का पड़ौसी उसके घर आता जाता था। जान पहचान होने के बाद आरोपी पीड़िता को फोन करने लगा। फोन पर हुई बातचीत की आरोपी ने रिकॉर्डिंग कर ली एवं कॉल रिकॉर्डिंग वायरल करने की धमकी देकर, जबरदस्ती उससे वाट्सएप पर वीडियो कॉलिंग भी करवाई। आरोपी ने वीडियो कॉल की भी अश्लील रिकार्डिंग कर ली एवं वीडियो वायरल करने की धमकी देते हुए उससे रुपयों की मांग की। पीड़िता ने वीडियो एवं रिकॉर्डिंग डिलीट करने के एवज में आरोपी को 50 हजार रुपए भी दे दिए। लेकिन आरोपी ने रिकॉर्डिंग डिलीट नहीं की एवं करीब 1.5 माह पहले पीड़िता के पति के घर पर नहीं होने पर आरोपी ने घर में घुसा व उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद गत 8 मार्च को पीड़िता के ससुराल पक्ष के लोग शादी के कार्यक्रम में गए तो आरोपी ने उसके ससुराल के घर में भी नाजायज रूप से घुस कर उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोपी ने पीड़िता से 50 हजार रुपए ओर मांगे व नहीं देने की स्थिति में आरोपी ने वीडियो वायरल कर दिया। इस पर पीड़िता ने गुरूवार को अपने देवर के साथ थाने पहुंच कर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। मामले की जांच थानाधिकारी अशोक विश्नोई करेगें।