May 20, 2026
WhatsApp Image 2025-07-31 at 11.49.11

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 31 जुलाई 2025। किसानों के हित में बिजली की आपूर्ति के दावे करने वाली सरकार लोगों के प्राणों से खिलवाड़ करते हुए विकास के कशीदे पढ़ रही है। क्षेत्र के गांव बींझासर में जीएसएस में अर्थ फाल्ट होने से इसके चारों और आस पास करंट रहता है और बीती रात करीब 3 बजे तीन गौवंश की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। ग्रामीणों ने बताया कि इस जीएसएस का नवनिर्माण स्वीकृत है और छह माह से ढांचे का काम रूका पड़ा है। इस जीएसएस में बार बार अर्थ फाल्ट होता है जिससे इसके आस पास करंट फैला रहता है और इस खतरनाक स्थान की चारदीवारी ही नहीं है। जिससे कोई भूल से इधर आ जाए तो उसकी जान खतरे में है। ये आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने बताया कि वर्ष 2002 में जीएसएस का निर्माण हुआ था और इसकी चार दीवारी करीब पांच साल पहले पूरी तरह से नष्ट हो चुकी है। ग्रामीणों व जनप्रतिनिधियों सहित यहां तैनात कार्मिकों ने भी सुरक्षा का हवाला देकर कई बार विभाग व सरकार से इस दीवार के निर्माण की मांग की है। युवाओं ने आक्रोश जताते हुए कहा कि विभाग व सरकार का ध्यान शून्य है और आज यह हादसा हो गया है। यहां तैनात कार्मिक की जान भी हर समय खतरे में ही रहती है। गांव के रमेश नैण, भंवरलाल गोदारा, लिछमण भूकर, कोजुराम जाट, भंवरलाल कड़वासरा, मनोज नैण, दानाराम जाट, हंसराज कड़वासरा, भागीरथ नैण, देवकिशन नैण, रामनिवास नैण, दुर्गाराम कड़वासरा, ओमप्रकाश गोदारा, जगदीश ओझाइया, नरसीराम शर्मा, सोहनराम कड़वासरा सहित अनेक युवा मौके पर मौजूद है और गौवंश की मौत पर कड़ी नाराजगी जताई है। युवाओं ने तुरंत दीवार का निर्माण करवाने व अधूरे निर्माण कार्य को पूरा करवाने की मांग की है। ग्रामीणों की सूचना के बाद आरएलपी नेता डॉ विवेक माचरा ने भी घटना पर नाराजगी जताते हुए स्थानीय नेताओं व प्रशासन के खिलाफ रोष जताया है।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। बींझासर जीएसएस पर तीन गौवंश की मौत हुई।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आक्रोश जताया।