






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 10 अगस्त 2023। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में लगातार गाय चोरी की घटनाएं बढ़ रही है। अनेकों बार श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स को गाय पालकों ने ऐसी सूचनाएं दी है। वे बताते है कि पशुपालक द्वारा गाय को बाहर खोलने के साथ ही गाय गायब हो जाती है। इसी तरह की एक वारदात सामने आई है। एक गाय के गायब होने पर मालिक ने अपने स्तर पर खोजबीन की और एक नामजद के खिलाफ मामला दर्ज करवाते हुए उससे कड़ी पूछताछ किए जाने की मांग पुलिस से की है। मोमासर बास निवासी सोहनलाल पुत्र करणाराम औझा ने पुलिस को बताया कि मेरी एक काले रंग की सफेद चकतों वाली गाय को बुधवार दोपहर 12 बजे घर के पास से एक वृद्ध व्यक्ति व एक 12 साल का बालक चुरा कर ले गए। शाम को किसी ने बताया कि रेलवे स्टेशन के पास मेरी गाय किसी के यहां बंधी है। मौके पर पहुंचे तो वहां कोई नहीं था और आस पास पता करने पर जानकारी मिली कि यहां रहने वाले व्यक्ति का कालूबास में घर है। वहां पहुंचे तो घर पर भी कोई नहीं था और पता चला कि यहां बरजांगसर निवासी रामेश्वरनाथ सिद्ध रहता है। जब उसे फोन कर ओलमा दिया तो उसने कहा कि गाय 10 अगस्त की दोपहर तक आपके घर पहुंच जाएगी। परिवादी ने पुलिस से कहा कि दो साल पहले भी उसकी एक गाय चोरी हुई और उसे अंदेशा है कि इसी आरोपी ने चुराई थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच एएसआई पूर्णमल को सौंप दी।



