May 22, 2026
crime

बैंक मैनेजर सहित पांच जनो के खिलाफ धोखाधड़ी का आरोप।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। लूणकरणसर थाने में गांव गारबदेसर निवासी रामचंद्र पुत्र पीरदान गुरड़ा ने मुक्ताप्रसाद कॉलोनी, बीकानेर निवासी बैंक मैनेजर महेश कुमार, उनकी पत्नी व गारबदेसर निवासी अंजनी कुमार पुत्र रामकुमार, रामकुमार पुत्र मोहनराम, सुशील कुमार पुत्र बाबूलाल के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप लगाते हुए मामला दर्ज करवाया है। परिवादी ने पुलिस को बताया कि महेश कुमार ने फर्जीवाड़े से खाली कागजों पर ऋण माफ करवाने का कहकर हस्ताक्षर करवा लिए व मेरी जमीन फर्जी ढंग से अपनी पत्नी के नाम करवा कर मेरे साथ धोखाधड़ी की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच एएसआई सुरेश कुमार को सौंप दी है।
ट्रक ने लगाए अचानक ब्रेक, एक के बाद एक ओर गाड़ी पीछे से टकराई, युवक की मौत।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। महाजन थाना क्षेत्र में रविवार अलसुबह भीषण सड़क हादसा हुआ जिसमें एक युवक ने अपनी जान गवां दी। थाने में राजासर निवासी रामकुमार पुत्र उदाराम जाट ने एक ट्रक चालक के खिलाफ तेज व लापरवाही से ट्रक चलाने का आरोप लगाया। परिवादी ने पुलिस को बताया कि वह अपने भाई के साथ पिकअप में नरमे की फसल भरकर रावतसर से लौट रहे थे। रविवार को सुबह 5 बजे भारतमाला रोड पर जैतपुर रोही में जैतपुर टोल से 500 मीटर पहले लापरवाही से ट्रक चलाते हुए अचानक ब्रेक लगा दिए। जिससे पिकअप गाड़ी उस ट्रक से टकरा गई व पीछे से पिकअप गाड़ी के एक ओर गाड़ी टकरा गई जिससे परिवादी के भाई की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच हैड कांस्टेबल सुरजाराम को दी है।
खेत में तुंबा तोड़ रहें दंपति व बेटे पर हमला, मामला दर्ज।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। एक खेत में तुंबा तोड़ रहें दंवति व उनके एक बेटे पर जमीन विवाद में उनके ही परिवार के लोगों ने हमला कर दिया। छतरगढ़ थाने में चक 1 डीओएल 555 आरडी निवासी 22 वर्षीय बीरमाराम पुत्र हंसराज भाट ने छतरगढ़ निवासी डालाराम भाट के पुत्र राऊराम, लीलाराम, हड़मानराम, रतनाराम, कारगेस, कैलाश, राऊराम का पुत्र पप्पूराम, राउराम के दो भानजे, दो तीन अन्य जनों के खिलाफ आरोप लगाए है। परिवादी ने पुलिस को बताया कि आरोपियों ने पूर्व में चल रहे जमीन विवाद के कारण उसके पिता हंसराज व माता पपीया, भाई विष्णु के साथ आरोपियों ने एकराय होकर रविवार को सुबह 11.30 बजे भानाराम के खेत में तुंबे तोड़ते समय लाठियों व कुल्हाड़ी से मारपीट की जिससे तीनों घायल हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच थानाधिकारी भजनलाल को दी है।
भाई ने फोड़ दिया भाई का सिर, मामला दर्ज।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। भाई ने भाई पर हमला कर सिर फोड़ देने का मामला रणजीतपुरा थाने में दर्ज हुआ है। यहां चक 17 एसएमडी जग्गासर निवासी 45 वर्षीय युनुस खां पुत्र मोहम्मद यार ने इसी गांव में रहने वाले अपने भाई अब्दुल वायद खां के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। परिवादी ने पुलिस को बताया कि 8 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे उसके भाई ने उसके सिर पर बांस की लाठी से हमला कर दिया। जिससे मेरे सिर में गंभीर चोटें आई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच एएसआई नैनूसिंह को सौंप दी है।
दो बाइक सवारों ने बीच बाजार लूट लिए 35 हजार नगदी।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। जिले में लूट खसोट व उठाईगिरी, चोरी के मामले लगातार बढ़ रहें है। बज्जू थाने में चक 04 एककेडीए भलूरी निवासी लिखमाराम पुत्र सोनाराम मेघवाल ने अज्ञात दो बाइक सवार चोर के खिलाफ मामला दर्ज करवाते हुए पुलिस को बताया कि 9 नवंबर को सुबह 11 बजे बज्जू के बाजार में दो बाइक सवारों ने उसकी जेब से 35 हजार रूपए निकाल कर पार कर लिए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच हैड कांसटेबल तुलसीराम को सौंप दी है।