






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 2 जनवरी 2024। खरीब की फसल में 25 प्रतिशत हिस्सा पांति के हिसाब से एक काश्तकार ने पूरी फसल की बेगार की और जब हिस्सा लेने का समय आया तो खेत मालिक ने काश्तकार के साथ बदसलुकी करते हुए खेत से भगा दिया। मामला थाने पहुंचा तो बीच बचाव से पांति देने को राजी हुआ खेत मालिक खेत में जाते ही फिर पलट गया। काश्तकार महिला ने लज्जा भंग कर धमकाने का आरोप भी लगाया। गांव धीरदेसर पुरोहित निवासी परिवादी संपत्ति देवी पत्नी संतोष कुमार मेघवाल ने लिखमादेसर निवासी नरेशनाथ उसकी पत्नी राधा व माँ सरदारीदेवी के खिलाफ आरोप लगाए है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि लिखमादेसर जाने वाले मार्ग में आरोपी का खेत है, जिसमें टयूबवैल है और उसने खरीब फसल मूंगफली की 25 प्रतिशत हिस्सा पांति के हिसाब से काश्त पर लिया था। परिवादिया परिवार सहित खेत में ढाणी बनाकर रहती थी व 30 बीघा भूमि पर मूंगफली उत्पादन किया। उसने पुलिस को बताया कि मूंगफली निकालने के बाद आरोपियों के मन में खोट आ गया और 4 दिसंबर 2023 को उसने हिस्सा पांति देने से मना कर दिया। आरोपियों ने लड़ाई झगड़ा करते हुए जातिसूचक गालियां दी और धक्का मुक्की कर परिवार सहित खेत से निकाल दिया। इस परिवाद की कार्रवाई में पुलिस के सामने हिस्सा पांति देने का राजीनामा भी हुआ। 31 दिसंबर 2023 को सुबह 10 बजे वह अपने पति के साथ खेत में साफ करने से बकाया एक ढेरी मूंगफली साफ करने गई और दोनों काम करने लगे। दोपहर 2.30 बजे तीनों आरोपी आए व एकराय होकर लाठियों से मारपीट करते हुए पांति नहीं देने की बात कहते हुए खेत से निकाल दिया। जब वह पति के साथ अपने गांव जा रही थी तो आरोपी बोलेरो में सीताणा जोहड़ के पास पहुंचा और बदसलुकी करते हुए धमकाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर सीओ श्रीडूंगरगढ़ के सुपुर्द कर दिया गया है।



