May 21, 2026
00

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 6 दिसम्बर 2021। श्रीडूंगरगढ़ के एक कपड़ा व्यापारी से बीकानेर एक्सप्रेस के एसी फर्स्ट क्लास में चार बदमाशों ने 40 लाख रुपए के गहनों की लूट की वारदात को अंजाम दिया है। ट्रेन में यात्रियों की सुरक्षा को लेकर बड़ा सवाल खड़ी करने वाली घटना के पीड़ित ने दिल्ली सरायरोहिल्ला पुलिस थाने में मुकदमा दर्ज करवाया है। श्रीडूंगरगढ़ के कालूबास निवासी देवकीनंदन सोमाणी अपनी पत्नी पूनम सोमाणी के साथ 30 नवम्बर को श्रीडूंगरगढ़ किसी रिश्तेदार के विवाह में शामिल होने आए थे। 1 दिसम्बर को ये दंपति बीकानेर एक्सप्रेस के एसी फर्स्ट क्लास में दिल्ली लौट रहे थे और सरायरोहिल्ला स्टेशन पहुंचने से पहले गाड़ी आउटर सिग्नल पर रुकी। यहां बदमाशों ने ट्रेन में चढ़ कर वारदात को अंजाम दिया। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि एक बदमाश ने व्यापारी के केबिन का दरवाजा खटखटाया और कहा कि आपका स्टेशन आने वाला है आपका सामान उतार कर आगे रख दू। इस पर व्यापारी ने उसे अटेंडेंट समझ कर बेग पकड़ा दिया। तभी बदमाश के तीन साथी गेट के पास आकर खड़े हो गए और 2 मिनट बाद ट्रेन खुल गई तो चारों चलती ट्रेन से उतर कर फरार हो गए। अटैची गेट के पास रखी हुई थी और जब घर पहुंच कर उन्होंने अटैची खोली तो पता चला उसमें से ज्वेलरी बॉक्स गायब है। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि बॉक्स में 40 लाख रुपए के जेवर रखें थे। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।