






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 7 अक्टुबर 2021। जमीन के लालच में बिखरते परिवारों की हर दिन नई कहानी सामने आ रही है। गुरूवार को श्रीडूंगरगढ़ थाने में 81 वर्षीय अंधे बुजुर्ग ने अपने ही सगे पोते के खिलाफ धोखाधड़ी कर जमीन हड़पने का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज करवाया है। श्रीडूंगरगढ़ थानाधिकारी वेदपाल शिवराण ने बताया कि क्षेत्र के गांव रीड़ी निवासी 81 वर्षीय बुजुर्ग मालाराम पुत्र कुशलाराम भार्गव ने अपने ही पोते इंद्रजीत के खिलाफ जरीए इस्तगासा मुकदमा दर्ज करवाया है।
जिसमें मालाराम ने पुलिस को बताया कि वह अंधा है एवं उसके पोते इंद्रजीत ने उसकी भूमि पर केसीसी बनवाने की बात कही। उसने विश्वास कर इंद्रजीत के साथ जाकर सरकारी कार्यालयों में खानापूर्ती कर दी। लेकिन उसे बाद में पता चला कि उसके पोते ने उसके अंधे होने का फायदा उठाते हुए उसके साथ धोखाधड़ी कर ली एवं उसकी 3.61 हैक्टेयर कृषि भूमि की गिफ्ट डीड बनाकर अपने नाम करवा ली। श्रीडूंगरगढ़ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच हैडकांस्टेबल सेवाराम को सुपुर्द की है।



