






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 21 मार्च 2023। जिलाकलेक्टर भगवती प्रसाद कलाल ने आज क्षेत्र की ग्राम पंचायत समंदरसर में ग्रामीणों की समस्याएं सुनी। कलाल ने पटवारियों को फील्ड में भेजकर क्षेत्र में बरसात और ओलावृष्टि से हुए नुकसान का आंकलन करने के निर्देश स्थानीय प्रशासन को दिए। उन्होंने दो तीन दिन में रिपोर्ट प्रस्तुत करने के आदेश दिए जिससे नियमानुसार किसानों को मुआवजा मिल सके। कलाल ने आकाशीय बिजली गिरने से होने वाले नुकसान का आंकलन करने के निर्देश देते हुए आपदा प्रबंधन से सहायता उपलब्ध करवाने की बात कही। उन्होंने क्षेत्र में प्रति परिवार मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत पंजीकरण अवश्य करवाने, युवाओं को नशे से दूर रहने तथा अपनी ऊर्जा का सकारात्मक उपयोग करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि गर्भधारण से लेकर बच्चे के दो वर्ष का होने तक के एक हजार दिनों तक जच्चा-बच्चा के स्वास्थ्य और पोषण का विशेष ध्यान दें। उन्होंने बेटियों को पढ़ाने और इन्हें आगे बढ़ने के अवसर देने की अपील की। ग्रामीणों ने उपस्वास्थ्य केन्द्र को क्रमोन्नत करने और स्कूल में स्टाफ नियुक्त करने जैसी समस्याएं रखी।
विभिन्न कार्यालयों का किया निरीक्षण।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। जिला कलक्टर ने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, आंगनबाड़ी केन्द्र और उप स्वास्थ्य केन्द्र का निरीक्षण किया। स्कूल में डीआईक्यूई के तहत दी गई स्मार्ट टीवी का उपयोग करने के निर्देश दिए। आंगनबाड़ी केन्द्र में गोद भराई एवं अन्नप्राशन संस्कार करवाया। बेटी के जन्म पर बधाई संदेश दिया और पोषण के बारे में बताया। उप स्वास्थ्य केन्द्र के निरीक्षण के दौरान पुकार रजिस्टर का अवलोकन किया। टीकाकरण, प्रसव, दवाइयों और जांच की उपलब्धता के बारे में जाना।
ये अफसर व जनप्रतिनिधि रहें मौजूद।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। जिला कलेक्टर की जनसुनवाई में उपखण्ड अधिकारी मुकेश चौधरी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मोहम्मद अबरार पंवार, विद्युत निगम के अधीक्षण अभियंता राजेन्द्र मीणा, उपखंड अधिकारी मुकेश चौधरी, तहसीलदार राजवीर सिंह, विकास अधिकारी रामचंद्र जाट, नायब तहसीलदार रतनलाल, ग्राम विकास अधिकारी चंद्रमोहन मीणा, राजस्व पटवारी निर्मल पारीक व गिरदावर डूंगरनाथ सिद्ध, स्कूल प्रधानाचार्य पुष्पा देवी सहित अनेक विभागों के अधिकारी मौजूद रहें। इसी के साथ प्रधान प्रतिनिधि केसराराम गोदारा, समंदसर सरपंच प्रतिनिधि खियांराम गोदारा, लखासर सरपंच प्रतिनिधि गोवर्धन खिलेरी, सहकारी समिति अध्यक्ष लिच्छुराम तर्ड, पूर्व सरंपच पोमाराम नायक सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल रहें। सरपंच धन्नीदेवी ने सभी का आभार प्रकट किया।






