May 21, 2026
000010101

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 8 सितबंर 2023। कस्बे में जलापूर्ति नहीं होने से एक ओर जनता प्यास से बेहाल है वहीं दूसरी ओर विभाग के ठेकेदार की लापरवाही से देर रात बीच बस्ती पीने का हजारों लीटर पानी सड़क पर बह गया। पीली टंकी से ओेवरफ्लो होकर झरने सा बहता पानी लोगों के घरों में छत के रास्ते आने लगा तो आस पास के सात से आठ घर खाली हो गए। भयभीत लोग अपने परिवार सहित घरों के बाहर आ गए। मोहल्लेवासियों ने एकत्र होकर घुमचक्कर रोड स्थित पीली टंकी जलदाय विभाग के कार्यालय में हंगामा मचाया। मौके पर पहुंचे पार्षद दिलशाद ने आरोप लगाते हुए कहा की टंकी के ऊपर से ढक्कन खुल गया और पानी झरने की तरह बहने लगा। अगर ढक्कन नहीं खुलता तो बड़े हादसे की चपेट में टंकी के आसपास का इलाका आ जाता। पार्षद ने आरोप लगाया कि ठेकेदार ने गाली गलौच भी की और पुलिस की समझाईश से मामला शांत हुआ। परंतु लोग विभाग के ठेकेदार पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहें है। देर रात 12 बजे पीली टंकी को भरने के लिए पानी चलाया गया और पानी ओवरफ्लो होकर फोर्स के साथ बहने लगा। टंकी के ऊपर से निकलता पानी आस पास के घरों में छत के ऊपर गिरने लगा, यहीं नहीं पानी रोड के लगते घरों में भी घुस गया तो लोग उठे और विरोध जताने मौके पर पहुंचे। पार्षद दिलशाद ने आरोप लगाया कि लाखों लीटर पानी बहा दिया गया और नागरिकों को परेशानी हुई सो अलग, ऐसी लापरवाही के लिए ठेकेदार पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। यहां मौके पर पहुंचे कादर राइन, आदिल तंवर, यूसुफ भाटी, जुबेर खिलजी ने जमकर रोष जताया। नागरिकों ने बताया कि ठेकेदार अब्दुल लुहार पानी चालू कर सो गया तथा हमने आपत्ति दर्ज करवाई तो गाली गलौच भी की। टंकी के पास ही स्थित सलीम सिलावट, बबलू सिलावट, मुंशी चेजारा, साकिर चेजारा, यूसुफ चेजारा अमीन छिंपा, नयूम भाटी के घर पानी घुस गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामला शांत करवाया।

विभाग के एईएन बृजमोहन मुंड भी मौके पर पहुंचे। मुंड ने बताया कि वॉल बंद करवा सप्लाई चालू कर पानी को रोका गया। ठेकेदार को भी लापरवाही के लिए नोटिस दे दिया गया है।

एएसआई पूर्णमल- पानी बहने से नाराज लोगों को मौके पर पहुंच कर समझाइश की गई।