






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 22 सितबंर 2021। मौसम विभाग की चेतावनी के अनुसार आज बीकानेर जिले में कई स्थानों पर भारी बारिश हो रही है। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के गांव सुरजनसर, आड़सर, धीरदेसर चोटियान, तोलियासर, लोढेरा, उदरासर, धोलिया, जालबसर, बिरमसर, कितासर, सातलेरा, जैसलसर, बिंझासर, सत्तासर में झमाझम मेघ बरसे है। श्रीडूंगरगढ़ में भी शाम को बूंदाबांदी के बाद मौसम सुहावना है और ठंडी हवाओं का दौर चल रहा है।
उन्धो मेह कचरा में बरसे, किसान चिंतित।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। बुजुर्ग कहते थे उन्धो मेह कचरा में बरसे और आज क्षेत्र में किसान यही कह रहें है। कभी बरसात नहीं होने से तो कभी बरसात अधिक होने से किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें छाने लगी है। सातलेरा से गौरीशंकर तावणियां, उदरासर से दुलदास स्वामी ने बताया कि किसानों की हालात दयनीय हो गए है। पहले बरसात नहीं होने से ग्वार, मोठ की बिजाई नहीं हो पाई तथा अब बाजरे में भारी नुकसान की आशंका हो गई है। किसानों ने बताया कि अगेती मूंगफली भी खराब होने की कगार पर आ गई है और अधिक बरसात से जमीन मे दाना कालाा पड़ने लगा है। कहीं कहीं फसलें पकाव पर है वहां बाजरा काला पड़ने लगा है और किसानों का कहना है कि अकाल की संभावनाएं एक बार फिर प्रबल हो गयी है।
गांव सुरजनसर में राउमावि के दस कमरे जलमग्न।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। सुरजनसर में कल और आज हुई भारी बरसात के बाद राउमावि के दस कमरे जलमग्न हो गए है तथा इन कमरों में दरारें आ गई है। ग्रामीणों ने बताया कि अगर समय पर इस ओर प्रशासन ने ध्यान नहीं दिया तो ये भी कमरें भी किसी दिन नौनिहालों के लिए खतरनाक साबित हो सकते है। सरपंच ओमप्रकाश शर्मा ने बताया कि ये पुराने कक्ष है जो नीचे होने के कारण पानी से भर जाते है और इस बारे में शीघ्र ही प्रशासन को लिखित में शिकायती पत्र दिया जाएगा। यहां किसानों ने दर्द भरे स्वर में टाइम्स को बताया कि फसलें तो पहले ही बरबाद हो चुकी है और जिन खेतों में बच गई थी उसे ये अधिक बरसात खराब कर रही है।















