May 21, 2026
WhatsApp Image 2025-09-25 at 13.01.46 (1)

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 25 सितंबर 2025। जिले में मलखंभ खेल में कस्बे का दयानंद विद्या निकेतन स्कूल लगातार चौथे साल चारों वर्ग में विजेता रहा है। स्कूल प्रांगण में आयोजित जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता के तहत आज मलखंभ का समापन समारोह संपन्न हुआ। मुख्य अतिथि ब्लॉक शिक्षा अधिकारी सरोज वीर पूनियां ने खिलाड़ियों का प्रदर्शन देखते हुए इस खेल को शक्ति व संतुलन का अद्भुत खेल बताया। पूनियां ने कहा कि यह देखकर बहुत खुशी हुई कि हमारी युवा पीढ़ी इस पारंपरिक खेल को सहेज रही है। मैंने मलखम्भ का नाम ही सुना था, लेकिन आज इसे प्रत्यक्ष देखने का अनुभव अविस्मरणीय है। यह केवल एक खेल नहीं, बल्कि आत्मविश्वास और समर्पण का प्रतीक है। प्राचार्य विनोद कुमार बेनीवाल ने बताया कि फाइनल मुकाबले में स्कूल की छात्रा टीम ने खाजूवाला की टीम को पछाड़ते हुए गोल्ड मेडल जीता। वहीं छात्रों की टीम ने राउमा गुल्लूवाली की टीम को पछाड़ कर गोल्ड मेडल हासिल किया। प्रतियोगिता में जिले के कई स्कूलों के छात्रों ने भाग लिया। विशिष्ट अतिथि के रूप में प्यारेलाल ढूकिया रहें। दर्शकों ने भी हर खिलाड़ी के प्रदर्शन को सराहा व प्रतियोगिता का आनंद लिया। अतिथियों को प्रतीक चिन्ह देखकर सम्मानित किया। सभी विजेताओं को पुरस्कार वितरित किए गए। समापन समारोह में आर्यस्थलि विद्यापीठ के संचालक अमित आर्य, शारीरिक शिक्षक विजेंद्र मीणा, अजय, राजेश, युद्धवीर, जेठमल चुरा, वरुण शर्मा, आनंद जाखड़, विजय सिंह, भंवरलाल, चेलाराम, दल प्रभारी सुनीता बेनीवाल, अन्नपूर्णा, संगीता सुथार, निकिता, प्रभु सिंह राजपुरोहित, सीताराम, डॉ विनोद चौधरी व अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। आयोजन समिति ने इस सफल आयोजन के लिए सभी शिक्षकों, छात्रों और अभिभावकों का आभार जताया।
इन खिलाड़ियों ने किया नाम रोशन।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। 69वीं जिला स्तरीय मलखंभ प्रतियोगिता में 19 वर्ष छात्रा वर्ग में लाली पुत्री किशनलाल नैण, मानसी पुत्री ओमप्रकाश सारण, कृष्णा पुत्री किशोरी लाल शर्मा, पूनम पुत्री चेतन राम गोल्ड विजेता रही। वहीं 17 वर्षीय छात्रा वर्ग में ललिता पुत्री देवीलाल शर्मा, पायल पुत्री संतोष कुमार, करीना कंवर पुत्री पाबू सिंह, ममता पुत्री पूर्णाराम गोल्ड विजेता रही। वहीं 19 वर्ष छात्र वर्ग में श्यामलाल पुत्र शंकर लाल जांगिड़, हरिशरणम पुत्र रामेश्वर लाल, राधाकृष्ण पुत्र जगदीश चाहर, व राधेश्याम पुत्र जीवणनाथ ने गोल्ड पर कब्जा किया। 17 वर्ष छात्र वर्ग में पवन पुत्र ओमप्रकाश, अंकित सिंह पुत्र पाबू सिंह, बनवारी पुत्र ग़ौरूराम शर्मा, कैलाश पुत्र कोजाराम ने गोल्ड जीत लिया। सभी विजेताओं को पुरस्कृत किया गया।