May 20, 2026
evee

गांव डेलवां में छाया धार्मिक उत्सव का माहौल, कल कलश यात्रा और रविवार को होगी मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 8 मई 2026। क्षेत्र के गांव डेलवां में वीर तेजाजी मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा के समारोह का उत्साह छाया है। गांव में सतीदादी मन्दिर प्रांगण में 6 मई से चार दिवसीय धार्मिक उत्सव का आयोजन हो रहा है। शनिवार सुबह विशाल कलश यात्रा निकाली जाएगी जिसमें डेलवां सहित आस पास के गांवो से भी श्रद्धालु शामिल होंगे। शनिवार रात को भव्य जागरण का आयोजन होगा। जागरण में दौलत गरवा एंड पार्टी द्वारा भजनों की प्रस्तुतियां दी जाएगी। रविवार सुबह वीर तेजाजी महाराज व खेड़ा भोमिया दादोजी की मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा विधि विधान से होगी। ग्रामीण उत्सव की तैयारियों में जुटे है। समारोह में शामिल होने के लिए आस पास के गांवो से बसों का प्रबंध भी किया गया है।

भाजपा पार्षद के आग्रह पर विभाग ने दो वार्डों की पुरानी केबल बदल कर दी राहत।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। कस्बे के वार्ड 32 व 33 के बाशिंदे गत लंबे समय से ओवरलोड, ट्रिपिंग एवं विद्युत फाल्ट की समस्या से परेशान थे। पार्षद भारत सुथार ने इस जनसमस्या को गंभीरता से लेते हुए जोधपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के अधिकारियों को ज्ञापन देकर 50 एमएम का तार लगाकर समस्या के त्वरित समाधान की मांग की। सुथार ने बताया कि मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा सरकार में विद्युत विभाग द्वारा क्षेत्र में पुरानी एवं जर्जर केबलों को बदलने, लाइन सुधार कार्य करने तथा विद्युत व्यवस्था को मजबूत करने का कार्य किया जा रहा है। उनकी मांग के बाद विभाग ने प्रमुखता से दोनों वार्डों की मुख्य लाइन के तार बदल कर वार्डवासियों को लगातार हो रही ट्रिपिंग एवं फाल्ट की समस्या से राहत दी है।

भवन में सिलेंडर में लगी आग, दौड़ी दमकल, टला हादसा।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 8 मई 2026। शहर के बिग्गाबास में स्थित एक भवन में अचानक सिलेंडर ने आग पकड़ ली और सिलेंडर धधक उठा। गनीमत रही मौके पर नगरपालिका दमकल तुरंत पहुंच गई और आग पर काबू पा लिया गया। अनुराग डागा ने बताया कि पेड़िवाल भवन में एक सिलेंडर में आग लग गई परंतु हादसा टल जाने से सभी ने राहत की सांस ली। यहां मौके पर गैस एजेंसी से भी कार्मिक शीश फायर सिलेंडर लेकर पहुंचे। सिलेंडर की आग से एक प्लास्टिक बाल्टी व एक पानी का कैंपर जल गया।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। भवन में अचानक सिलेंडर ने पकड़ी आग, गनीमत रही कोई हादसा होने से टल गया।