






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 16 फरवरी 2022। श्रीडूंगरगढ़ तहसील के गांव जाखासर की मुख्य गुवाड़ में अतिक्रमण हटाने का मामला शांत होने के बजाय लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। यहां गत 3 दिसम्बर को पुलिस बल की मौजूदगी में पक्के अतिक्रमण को ध्वस्त किया गया था और उसके बाद सरपंच पति के साथ मारपीट करने की घटना भी हुई। कुछ दिनों तक तो मामला समझौते की चर्चा में चलता रहा लेकिन गांव में अभी भी तनातनी का माहौल बना हुआ है। पंचायत प्रशासन ने मंगलवार शाम को पुलिस और प्रशासन की सहायता से सुरक्षा घेरे के बीच तोड़े गए अतिक्रमण का मलबा हटवाया। देर रात तक पंचायत के क्रेन व ट्रेक्टर लगे रहे और पूरा मलबा हटा कर भूमि पर ग्राम पंचायत की भूमि होने का बोर्ड लगा दिया गया है। गांव की गुवाड़ को अतिक्रमण मुक्त करवाने की प्रक्रिया के बाद गांव में माहौल गर्माया हुआ है। कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में यहां ग्रामीण एकत्र हो गए और गुवाड़ व अन्य सार्वजनिक भूमियों को अतिक्रमण मुक्त करवाने की कार्यवाही का समर्थन किया।





