






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 16 फरवरी 2022। साब म्हारी सुणो ही कोनी थे, म्हार घर चाल र देखो एक लोटो पीवण रो पाणी नहीं है, ये शिकायत करते हुए महिलाएं जलदाय विभाग के सिटी ऑफिस पहुंची। इन महिलाओं ने बताया कि वे 10 से अधिक बार विभाग के कार्यालय आ गई है व हर बार जांच कर रहें है कि बात कह कर कर्मचारी अपने कार्य की इतिश्री कर देते है। ये मामला वार्ड नंबर 17 में प्रेम सिंधी, दीपाराम माली की पूरी गली तथा वार्ड 22 में आमीन काजी, मुस्ताक काजी की पूरी गली में ही पेयजल आपूर्ति नहीं होने का था। भाजपा नेता व पार्षद विनोदगिरी गुसाईं भी मौके पर पहुंचे व आक्रोश प्रकट किया। गुसाईं पानी की मांग को लेकर कर्मचारियों से उलझ गए। कर्मचारियों ने जांच करवाने की बात कही तो गुसाईं ने नाराजगी जताते हुए कहा कि विभाग अब सफाईयां नहीं देवें और एक वर्ष से झेल रहे इस समस्या का समाधान करें। महिलाओं ने भी एक वर्ष से पानी के लिए परेशानी भुगतने के लिए विभाग को खरी-खोटी सुनाई व यहां से सभी जलदाय विभाग हनुमान धोरा एईएन कार्यालय पहुंचे। एईएन बृजमोहन मूंड ने शीघ्र ही समस्या का समाधान करने का वादा किया। आज ही कर्मचारियों को लेकर मूंड वार्ड में पहुंचे व लाइन चेक करवाई। उन्होंने बताया कि यहां पाईप की जांच की गई और एक लोहे की केप लगी थी जिसे हटा दिया गया है। पार्षद गुसाईं ने वार्डवासियों की ओर से त्वरित कार्रवाई के लिए मुंड का आभार प्रकट किया। गुसाईं ने बताया कि पानी की बारी गुरूवार को है जिससे कल ही पता लगेगा की समस्या का समाधान हो गया है या नहीं।






