






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 18 दिसंबर 2023। 22 जनवरी को अयोध्या में रामलला की मूर्ति स्थापना के भव्य समारोह के दिन पूरे देश में उत्सव मनाने की व्यापक तैयारियां हो रही है। क्षेत्र के सबसे बड़े गांव मोमासर में भी ग्रामीणों में समारोह को लेकर जबरदस्त उत्साह नजर आ रहा है। रविवार रात गांव के भोमियाजी मंदिर प्रांगण में श्रीभोमिया दादा सेवा समिति के सेवादारों ने बैठक का आयोजन किया। बैठक में पूरे गांव में 22 जनवरी को दीपोत्सव मनाने का निर्णय लिया गया है। समिति अध्यक्ष ने बताया कि समिति द्वारा घर-घर दीप जलाने का संदेश दिया जाएगा व गांव के सभी मंदिरों में सजावट की जाएगी। मंदिरों में रंगोलियां सजाने के साथ फूल व रंग बिरंगी रोशनी सहित दीपक जलाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि रामायण के अखंड पाठ सहित पूर्णाहुति हवन का आयोजन किया जाएगा। गांव के उत्साही युवाओं द्वारा अयोध्या से मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा समारोह के लाइव प्रसारण को गांव में बड़ी स्क्रीन पर दिखाने का प्रबंध भी किया जाएगा। अध्यक्ष के आग्रह पर बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों ने राम लला की मूर्ति स्थापना समारोह को गांव में भव्य रूप से मनाने का संकल्प भी लिया। जय श्री राम के जयकारों के साथ बैठक संपन्न हुई।





