






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 14 अप्रैल 2022। एक देश एक संविधान, यह बाबा साहब का सपना था एवं इस सपने को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने साकार किया है। बाबा साहब को वास्तविक सम्मान भाजपा ने दिया है एवं कांग्रेस ने हमेशा बाबा साहब के नाम पर शोषण किया है। ऐसे में बाबा साहब की 131वीं जन्म जयंती जन जन को जागरूक कर अधिकारों के प्रति सावचेत करने एवं भाजपा को मजबूत करने का संकल्प लिया गया। मौका था भाजपा नेता किशनाराम गोदारा द्वारा निकाली जा रही जन जागृति यात्रा के गांव पूनरासर में शुभारम्भ कार्यक्रम का। कार्यक्रम की अध्यक्षता क्षत्रिय सभा के संभाग अध्यक्ष करणप्रताप सिंह ने की एवं मुख्य अतिथि के रूप में लूणकरणसर विधायक सुमित गोदारा रहे। गोदारा ने यात्रा के दौरान केन्द्र की नीतियों के लिए आम जन को जागरूक करने का आह्वान किया एवं राज्य सरकार को आड़े हाथों लेते हुए करौली दंगो में तुष्टीकरण की नीति के कारण राज्य का माहौल खराब करने का आरोप लगाया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल राष्ट्र समर्पित युवा मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष रविशेखर मेघवाल ने कांग्रेस को जम कर आड़े हाथों लिया एवं बाबा साहब के कारण ही आमजन को लोकतांत्रिक अधिकार मिलने की बात कही। आयोजन में भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष रामगोपाल सुथार, पूर्व पालिकाध्यक्ष रामेश्वरलाल पारीक, पूर्व पालिकाध्यक्ष शिवकुमार स्वामी, भाजपा जिला उपाध्यक्ष बजरंगलाल शर्मा, भाजपा नेता तोलाराम जाखड़, चंपालाल गेदर, कोडाराम भादू, लालचंद गौड़ सहित बड़ी संख्या में भाजपा नेता मौजूद रहे। यात्रा संयोजक किशनाराम गोदारा ने सभी का आभार जताया एवं संयोजन रामरतन विश्नोई ने किया।







