






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 5 जुलाई 2024। दो दिन से बिना बिजली हैरान परेशान ग्रामीण, माथा पकड़ कर बैठे सरपंच, स्कूलों में रूआंसे हो रहें सैंकड़ो बच्चे, उपस्वास्थ्य केंद्र पर बिना बिजली डिलीवरी नहीं होने से अन्यत्र गाड़ियों में प्रसूताओं को ले जा रहें मजबूर परिजन, और बंद पड़े कृषि कुओं के बेहाल किसान, पेयजल आपूर्ति के ट्यूबवेल नहीं चलने से आज पेयजल किल्लत से जूझ रही हजारों की आबादी, ये हाले-ए-बयान है ग्राम पंचायत सुरजनसर के गांवो का। सुरजनसर सरपंच माथा पकड़ कर बैठे है और एसी में बैठे अफसरों को सुनवाई नहीं करने पर कोस रहें है। सरपंच ओमप्रकाश शर्मा ने बताया कि चारों और से फोन आ रहें है। बिजली को आए आज तीसरा दिन है। लगातार बिजली विभाग के अधिकारियों को अवगत करवाया जा रहा है परंतु वे हर बार लेबर नहीं होने की बात कह कर टालमटोल कर रहें है। ग्रामीणों ने बताया कि लालासर व सत्तासर के बीच बिजली लाइन में कहीं फाल्ट है जिससे बिजली गुल हो गई है। ठेकाकर्मी ने 48 घंटो के बाद भी आकर उसे दुरस्त करने की जहमत नहीं उठाई है। ग्रामीणों ने नाराजगी जताई व विभाग पर सुनवाई नहीं करने की बात कहते हुए आमजन को जानबूझकर पीड़ित करने का आरोप लगा रहें है। ओमप्रकाश शर्मा ने बताया कि उनकी पंचायत के गांवो को बिजली सप्लाई धीरदेसर पुरोहितान के 33 केवी जीएसएस से मिल रही है। दो दिन से सुरजनसर, धीरदेसर पुरोहितान, उदासर चारणान, लाखनसर व उदरासर में कुंए नहीं चलने से हजारों ग्रामीण पेयजल के लिए परेशान हो रहा है। शर्मा ने कहा कि 48 घंटो से अधिक समय हो गया परंतु एक फाल्ट नहीं निकाल कर विभाग आमजन को बुरी तरह से परेशान कर रहा है। उन्होंने ने कहा कि अधिकारी फोन ही नहीं उठा रहें है, समाधान तो दूर की कौड़ी है। शर्मा ने कहा कि क्षेत्र में जब भी आंधी, बरसात होती है तो इस जीएसएस से बिजली बंद ही रहती है। विभाग नया काम तो दूर हमारे क्षेत्र में स्वीकृत हुए पोल भी नहीं लगा रहा है। ऐसे में पुरानी लाइन से आए दिन हम मुसीबत झेलते है। सरपंच के साथ उपस्थित अनेक ग्रामीणों ने कड़ा रोष जताते हुए बिजली विभाग के अधिकारियों से काम करने की मांग की है।





