






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 5 जुलाई 2024। समाज में आज भी काले रंग को लेकर जबरदस्त पूर्वाग्रह समाज व परिवारों में देखने को मिल रहा है। रंग काला होने के कारण अनेक महिलाओं व युवतियों को सामाजिक रूप से तिरस्कार झेलना पड़ता है। परिवार के लोग ही मानसिक पीड़ा के साथ-साथ कई बार शारीरिक प्रताड़ना देने पर उतारू हो जाते है। श्रीडूंगरगढ थाने में आकर एक विवाहिता ने अपने पति, देवर व सास के खिलाफ शारीरिक व मानसिक प्रताड़ना के आरोप लगाए है। 25 वर्षीय पाना पुत्री सीताराम मेघवाल निवासी ठुकरियासर ने उदरासर निवासी अपने पति बजरंगलाल, सास बादू देवी और देवर महेन्द्र मेघवाल के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। परिवादिया ने पुलिस को बताया कि 4 अप्रैल 2021 को उसका विवाह बजरंगलाल से व उसकी बहन का विवाह देवर महेंद्र से हुआ। उसके पति व सास उसे विवाह के बाद से ही कुरूप, काली व बदसूरत कह कर प्रताड़ित करने लगे। आरापी उसे जलील करते जिससे गर्भावस्था के दौरान वह बीमार रहने लगी। सास पति के दूसरे विवाह की धमकी देती और आरोपियों ने उसे घर से निकाल दिया। 10 मई 2024 को आरोपी उसके पीहर आए और वहां भी उससे बदसलूकी की तो परिवादिया भयभीत हो गई। उसने स्त्रीधन लौटाने की मांग की तो आरोपियों ने उसे सामान लौटाने से मना करते हुए उसे ले जाने से भी मना कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच एसआई धर्मपाल को दी है।




