






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 26 अक्टूबर 2025। प्रदेश भर में गौशालाओं का अनुदान 11 माह से नहीं दिया जा रहा है। ऐसे में गौशाला संचालक गौपालन के लिए परेशान हो रहें है। ये बात कहते हुए गौशाला संघ बीकानेर के सदस्यों ने गोपालन मंत्री जोराराम कुमावत को ज्ञापन देकर शीघ्र अनुदान की राशि जारी करने की मांग की। संघ उपाध्यक्ष सत्यनारायण स्वामी ने बताया कि अनुदान रोकने व गोपालन विभाग द्वारा नित नए नए नियमों को लागू कर गौशाला संचालन समितियों को प्रताड़ित किया जा रहा है। रविवार को मंत्री कुमावत श्रीडूंगरगढ़ पहुंचे तो उनसे मुलाकात कर इस समस्या का समाधान करते हुए शीघ्र अनुदान देने की मांग सदस्यों ने की है। सदस्यों ने कहा कि गौशालाओं का मद सरकार अन्यत्र खर्च करने की रूपरेखा बना रही है, जो कतई गौहित में निर्णय नहीं है। इस दौरान श्रवणकुमार सारस्वत, अणतूराम सारस्वत, प्रयागचंद सारस्वत, मदन सोनी, भवानीशंकर तावणियां व ओमप्रकाश मालपाणी सहित अनेक गौभक्त मौजूद रहें। मंत्री जोराराम कुमावत ने सदस्यों को सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।




