






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 26 अक्टूबर 2025। राज्य सरकार द्वारा प्रत्येक संभाग मुख्यालय पर एक आवासीय आदर्श वेद विद्यालय खोलने की घोषणा बजट में की गई। जयपुर, जोधपुर व उदयपुर में ये विद्यालय इसी सत्र में प्रारंभ हो गए है। वहीं बीकानेर की नालबड़ी गांव में इसे खोला जाना है। संस्कृत शिक्षा के संभागीय अधिकारी नत्थूराम शर्मा ने बताया कि इसके लिए भूमि स्वीकृत हो चुकी है। नवीन भवन का निर्माण होने तक स्कूल का अस्थाई संचालन श्रीडूंगरगढ़ ब्लॉक के राजकीय प्रथमिक विद्यालय नंबर 1 आड़सर बास में किया जाएगा। शर्मा ने कहा कि इसमें लिए प्रवेश प्रक्रिया शीघ्र ही शुरू हो जाएगी। उन्होंने बताया कि तीन शिक्षकों सहित एक मंत्रालयिक कर्मचारी और एक सहायक कर्मचारी की नियुक्ति के लिए संस्कृत शिक्षा विभाग की ओर से निदेशायल प्रस्ताव भिजवा दिए गए है। मंजूरी मिलते ही अगले सप्ताह ही प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। राजकीय आवासीय आदर्श वेद विद्यालय में बालकों को चारों वेदों व संस्कारों की शिक्षा दी जाएगी। वहीं गुरूकुल पद्धति से दिनचर्या चलेगी। दिनचर्या में वेद पाठी बालकों के सर्वांगीण विकास के लिए आधुनिक शिक्षण विषयों की शिक्षा का भी समावेश किया जाएगा। दिनचर्या में सुबह शाम वंदना, वेद शिक्षा, सामान्य विद्याल, खेलकूद, कंप्यूटर क्लास भी शामिल की गई है। याज्ञवल्क्य शिक्षा, पंचांग, नित्य कर्म, सोलह संस्कार, मंडल हवन आदि का ज्ञान भी दिया जाएगा।
कक्षा 6 से होगा प्रवेश, 40 सीटें होगी।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। राजकीय आवासीय आदर्श वेद विद्यालय में छठीं कक्षा से विद्यार्थियों को शिक्षा सत्र 2026-27 से प्रवेश प्रक्रिया शुरू की जाएगी। छठी कक्षा में 40 सीटों पर प्रवेश होगा। 40 से अधिक एडमिशन फॉर्म आने पर लिखित परीक्षा व इंटरव्यू से मेरिट के आधार पर दाखिला दिया जाएगा। स्कूल में प्रवेशित समस्त बालकों को आश्रम व्यवस्था से आवास, भोजन, अध्ययन वस्त्र सभी सुविधाएं सरकार द्वारा नि:शुल्की की जाएगी।



